पटाखे की चिंगारी से घर जलकर राख
महमूदाबाद (सीतापुर)। सदरपुर थाना क्षेत्र में सोमवार की शाम पटाखों की चिंगारी से एक घर में आग लग गई। इससे घर व उसमें रखा सामान जलकर राख हो गया। पीड़ित ने बताया कि घटना में करीब पचास हजार रुपये की संपत्ति का नुकसान हुआ है। सदरपुर के बजेहरा में बच्चे पटाखे दगा रहे थे।
इसी बीच एक पटाखे का सुलगता हुआ पलीता गांव के मिश्रीलाल गुप्त के छप्पर पर जा गिरा। इससे पहले कि कोई कुछ समझ पाता, छप्पर जलने लगा। यह देख परिवार के सदस्य घरेलू सामान समेटने के बजाय शोर मचाते हुए घर के बाहर निकल भागे। पुकार सुनकर गांव के लोग दौड़कर मौके पर पहुंचे। जिन्होंने कड़ी मशक्कत से आग पर काबू पाया।
तब तक घर व उसके अंदर रखी साढ़े छह हजार की नकदी, कपड़ा, बर्तन, अनाज आदि सामान जलकर राख हो चुका था। गृहस्वामी ने बताया कि घटना में करीब 50 हजार रुपये कीमत का नुकसान हुआ है।