फांसी के फंदे से लटका मिला किशोर का शव
महराज नगर (सीतापुर)। बिसवां कोतवाली क्षेत्र में गुरुवार रात संदिग्ध हालात में फांसी लगाने से एक किशोर की मौत हो गई। उसका शव टिन शेड के नीचे फांसी के फंदे से लटका मिला।
परिवार ने गांव की ही मां व बेटी पर हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।
बिसवां कोतवाली क्षेत्र के बुढनापुर निवासी सिराज किसी काम से बिसवां कस्बा बाजार गया था। जबकि उसकी पत्नी मन्नतुन गांव में ही अपने पिता शम्स अली के घर गयी थी।
जबकि उनका पुत्र तसउव्वर (12) घर पर अकेला था। बताते हैं कि देर रात जब मन्नतुन घर पहुंची, तो भीतर का नजारा देख उसके पैरों तले जमीन खिसक गई। क्योंकि टिन शेड में तसउव्वर का शव फांसी के फंदे पर लटका हुआ था।
उसके गले में रस्सी का फंदा कसा हुआ था। तसउव्वर की मां मन्नतुन ने पुलिस को बताया कि गांव की निवासी आबिदा व उसकी पुत्री साईन ने मिलकर तसउव्वर की हत्या की है।
मां ने पुलिस को बताया कि गुरुवार दोपहर तसउव्वर का आबिदा के बच्चों से विवाद हो गया था। इसी बात से आबिदा बैर मानने लगी।
गुरुवार की देर रात जब तसउव्वर घर पर अकेला था, तब आबिदा व उसकी पुत्री साईन ने तसउव्वर को घर में ही दबोच लिया। जिसके बाद मां व बेटी ने गला घोंटकर तसउव्वर की हत्या कर दी।
फिर घटना को आत्महत्या दर्शाने के लिए शव को फांसी के फंदे पर लटका दिया। तसउव्वर की मां मन्नतुन ने आबिदा व साईन के खिलाफ बिसवां कोतवाली में तहरीर दी है।
प्रभारी निरीक्षक हरमीत सिंह ने बताया कि मौके पर हत्या जैसे कोई साक्ष्य नहीं मिले हैं। किशोर की मां की तहरीर पर हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। मृत्यु का कारण स्पष्ट करने के लिए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पीएम रिपोर्ट आने के बाद ही कार्रवाई को आगे बढ़ाया जाएगा।