रामपुर कला थाना क्षेत्र में गुरुवार को एक तिलक समारोह में दरोगा सीताराम स्वर्णकार मंच पर थिरक रहीं नर्तकियों के ठुमकों का आनंद लेते रहे और लोग तड़ातड़ गोलियां दागते रहे।
दरोगा की मौजूदगी में 70 राउंड हर्ष फायरिंग की। वहीं । एक घंटे तक गोलियों की गूंज से मेहमान भी सहमे रहे। हर्ष फायरिंग का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ तो आईजी सतीश गणेश ने आरोपी दरोगा को निलंबित कर कड़ी कार्रवाई के आदेश दिए। रामपुर कला थाना पुलिस ने दो लोगों को गिरफ्तार किया है।
ग्राम भगवंतपुर निवासी राम नरेश भार्गव के पुत्र प्रदुमभन का गुरुवार को तिलक था। रामनरेश ने मेहमानों के मनोरंजन के लिए नाच-गाने का इंतजाम किया था। इसमें शामिल होने क्षेत्र के उपनिरीक्षक सीताराम स्वर्णकार भी पहुंचे थे। थिरक रहीं नर्तकियों के नृत्य का लुत्फ लेने के लिए दरोगा जी भी मंच के पास ही कुर्सी डालकर बैठ गए।
इसी बीच कुछ युवकों ने दरोगा की कुर्सी के ठीक सामने लाइसेंसी बंदूकों व रिवाल्वर से फायरिंग की। दरोगा सब कुछ देखकर भी अंजान बने रहे। करीब एक घंटे तक रुक-रुक कर 70 राउंड गोलियां चलीं लेकिन दरोगा नृत्य देखने में मस्त रहे।
इस दौरान हर्ष फायरिंग का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ तो आईजी सतीश गणेश ने दरोगा सीताराम स्वर्णकार को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया व मामले में रिपोर्ट दर्ज कर जांच के निर्देश दिए।
रामपुर कला थाने में तैनात उपनिरीक्षक आरबी सिंह ने भगवंतपुर निवासी रामनरेश भार्गव, उसके पुत्र सानू, तालगांव थाना क्षेत्र के ग्राम राही धोंधी निवासी भोलू सिंह समेत पांच लोगों के खिलाफ तहरीर दी है।
थानाध्यक्ष यदुनंदन सिंह ने बताया कि उपनिरीक्षक की तहरीर पर राम नरेश भार्गव समेत पांच लोगों पर हर्ष फायरिंग, लाइसेंसी असलहों के प्रदर्शन आदि का मामला दर्ज किया गया है। रामनरेश भार्गव व उसके पुत्र सानू को गिरफ्तार कर लिया गया है। मौके से दो नाली बंदूक एक अवैध असलहा बरामद किया गया है।