मृतका के पिता ने ससुरालीजन पर लगाया दहेज हत्या का आरोप
जहांगीराबाद/सदरपुर (सीतापुर)। थाना क्षेत्र सदरपुर में एक नव विवाहिता की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। मृतका के पिता ने उसके पति व ससुर के खिलाफ दहेज हत्या का आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी है। पुलिस ने आरोपी पति व ससुर के खिलाफ केस दर्ज कर पड़ताल शुरू कर दी है।
लहरपुर कोतवाली अंतर्गत मंगलपुरवा गांव निवासी श्रवण कुमार ने बताया कि 18 अप्रैल 2018 को उसने अपनी बेटी रूबी (22) की शादी रवी वर्मा पुत्र विजय निवासी नदिया थाना सदरपुर के साथ की थी। हैसियत के अनुसार दान-दहेज भी दिया था। शादी के बाद उसकी बेटी को सोने की चेन तथा एलसीडी टीवी सेट की मांग को लेकर प्रताड़ित किया जाने लगा।
कई बार ससुराल में उसकी पिटाई की गई। 16 सितंबर की रात करीब दो बजे रवी ने मोबाइल पर कॉल कर बताया कि तुम्हारी बेटी ने फांसी लगा ली है। रात में जब सदरपुर गए तो देखा कि रूबी मृत अवस्था में रसोईघर में पड़ी थी। बताया कि रूबी के पति व ससुर ने उसकी हत्या की है।
खबर पाकर सीओ महमूदाबाद अंकित कुमार व थाना प्रभारी सदरपुर सूर्यबली पांडेय ने मौके पर पहुंचकर पड़ताल शुरू कर दी। सीओ ने बताया कि मृतका के पिता की तहरीर के आधार पर दोनों आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।