वेबकास्टिंग वाले मतदान केंद्रों पर बिजली व्यवस्था करें दुरुस्त
सीतापुर। निकाय चुनाव में अतिसंवेदनशील प्लस मतदान केंद्रों की लाइव वेब कास्टिंग कराई जानी है। मतदान से पहले लाइव वेब कास्टिंग को लेकर तैयारियां चाक-चौबंद करने में अफसर जुटे हुए हैं।
जिन अतिसंवेदनशील प्लस मतदान केंद्रों की लाइव वेबकास्टिंग होनी है, वहां विद्युत व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने सभी नगर पालिका व पंचायतों के अधिशासी अधिकारियों को दिए हैं।
जिले की 11 निकायों में 29 नवंबर को मतदान होना है। इस दौरान जिले के 15 मतदान केंद्रों के 54 मतदान स्थलों पर लाइव वेब कास्टिंग होगी।
इसे लेकर अफसरों से लाइव वेबकास्टिंग वाले मतदान स्थलों पर तैयारियां मुकम्मल करने की कवायद तेज कर दी है। उप जिला निर्वाचन अधिकारी विनय पाठक ने सभी निकायों के अधिशासी अधिकारियों को इन मतदान केंद्रों पर विद्युत आपूर्ति के लिए तार, साकेट, प्लग आदि की व्यवस्था-उपलब्धता सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए हैं।