बिना बुलाए शादी में आकर दावत खाने पर हुआ विवाद
अंबेडकरनगर। अकबरपुर थाना अंतर्गत सीहमई कारीरात गांव में वैवाहिक आयोजन में बगैर बुलाए खाना खाने पहुंचे राजकीय पॉलीटेक्निक के छात्रों ने कन्या पक्ष के आपत्ति करने पर हंगामा खड़ा कर दिया। घरातियों व बारातियों से मारपीट करने के साथ ही आधा दर्जन वाहनों को क्षतिग्रस्त कर दिया।
सूचना पर कई थानों की पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला। बाद में अकबरपुर पुलिस ने पांच छात्रों को हिरासत में लेकर थाने ले आई और शांतिभंग में चालान कर दिया। सीहमई कारीरात गांव निवासी हरिद्वार वर्मा की पुत्री का विवाह गुरुवार रात को था। बारात आई हुई थी।
द्वार पूजा के बाद खाना खाने का दौर शुरू हुआ। आरोप है कि राजकीय पॉलीटेक्निक के कुछ छात्र भी गांव पहुंच गए और खाना खाने लगे। इस पर कन्या पक्ष के लोगों ने आपत्ति जताई। इसी बीच छात्र आर्केस्ट्रा स्थल पर पहुंच गए और वहां पर हंगामा शुरू कर दिया।
इसका जब ग्रामीणों व बारातियों ने विरोध किया, तो छात्र उलझ पड़े। छात्र वापस हॉस्टल पहुंचे और यहां से अपने साथियों को हॉकी व डंडे से लैस होकर फिर से गांव पहुंच गए। आरोप है कि छात्रों ने न सिर्फ बारातियों व घरातियों के साथ मारपीट की, बल्कि आधा दर्जन वाहनों के शीशे तोड़ दिए।
इस बीच सूचना पर अकबरपुर कोतवाली, अहिरौली थाने की पुलिस व यूपी-100 भी मौके पर पहुंच गए और स्थिति को संभाला। कोतवाल मनोज पंत ने बताया कि पांच छात्रों को हिरासत में लेकर उनके विरुद्ध शांतिभंग की कार्रवाई की गई।