जहरीला पदार्थ खाने से युवक की मौत
पत्नी ने गांव की ही एक महिला पर लगाया आरोप
सीतापुर। महमूदाबाद में संदिग्ध हालात में जहरीला पदार्थ खाने से एक युवक की मौत हो गई। उसकी पत्नी ने गांव की ही एक महिला पर धोखे से जहरीला पदार्थ खिला देने का आरोप लगाया है। पुलिस जांच की बात कह रही है।
महमूदाबाद कोतवाली क्षेत्र के माहनगर बाबूपुर निवासी रामू (30) हिमाचल प्रदेश में काम करता था। दो दिन पहले वह लौटकर घर पहुंचा। बुधवार को वह बाजार गया था लेकिन लौटा नहीं।
परिवार के सदस्यों ने खोजबीन की, तो गांव के बाहर खेत में रामू बेहाल हालत में मिला। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में डॉक्टरों ने जहरीला पदार्थ खाने की पुष्टि करते हुए उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
इससे पहले कि परिवार उसे लेकर जिला अस्पताल जाता, रामू ने सीएचसी में ही इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। रामू की पत्नी सरिता देवी उर्फ बड़की ने पुलिस को बताया कि रामू की गांव की ही एक महिला से नजदीकियां थीं।
चार माह पहले दोनों भागकर हिमाचल चले गए थे। 10 दिन पहले ही परिवार के लोग महिला को घर ले आए थे। पीछे-पीछे रामू भी काम छोड़कर घर आ गया था।
प्रभारी निरीक्षक रंजना सचान ने बताया कि परिवार ने गांव की एक महिला से रामू के संबंध होने की बात तो कही है, लेकिन कोई तहरीर नहीं दी है। यदि परिवार तहरीर देगा, तब रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।