एसडीएम, सीओ व इलाकाई पुलिस ने गांव पहुंच संभाले हालात, पीएसी तैनात
रामपुर मथुरा (सीतापुर)। थाना इलाके में मामूली बात पर दो समुदाय आमने-सामने आ गए। मारपीट में दोनों पक्षों के छह लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। पुलिस ने दोनों पक्षों के करीब 18 लोगों को शांतिभंग में पाबंद करने की कार्रवाई की है। गांव में तनाव को देखते हुए पीएसी तैनात कर दी गई है। एसडीएम व सीओ ने गांव पहुंचकर हालातों का जायजा लिया।
थानाक्षेत्र के गड़चपा गांव निवासी सत्य कुमार सिंह का 12 वर्षीय पुत्र गत बुधवार की रात करीब 9 बजे टॉर्च जलाते हुए अपने खेत की रखवाली करने जा रहा था। टॉर्च की रोशनी एक घर के पास रखी दुकान में बैठी महिला पर पड़ जाने से वह भड़क गई। विवाद बढ़ने पर दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और उनमें जमकर मारपीट हुई।
मारपीट में दोनों पक्षों के करीब छह लोग घायल हो गए। अलग-अलग समुदाय के दो पक्षों की भिड़ंत से गांव में तनाव फैल गया। एसडीएम महमूदाबाद, सीओ व इलाकाई पुलिस ने गांव पहुंचकर हालात काबू में किए। थाना प्रभारी अमित प्रताप सिंह ने बताया कि दोनों पक्षों के करीब 18 लोगों पर कार्रवाई की गई है। वहीं, तनाव देखते हुए गांव में पीएसी तैनात कर दी गई है।