मुंडन संस्कार में सम्मिलित होने बिसवां जा रहे थे टैम्पो सवार
सिधौली (सीतापुर)। मुंडन संस्कार में बिसवां जा रहे टैम्पो को नगर के रोडवेज बस स्टॉप के सामने एक बस ने सामने से टक्कर मार दी। हादसे में टैम्पो सवार आठ मुसाफिर घायल हो गए। इनको सीएचसी में भर्ती कराया गया। चार की हालत नाजुक देख उन्हें जिला अस्पताल भेज दिया गया है। हादसे के बाद चालक बस छोड़कर भाग निकला। पुलिस ने बस को कब्जे में ले लिया है।
थाना क्षेत्र अटरिया के फरीदपुर निवासी मुख्तार अली अपने दो माह के लड़के इलियास का मुंडन संस्कार कराने मंशाराम देव स्थान बिसवां टैम्पो से जा रहे थे। शुक्रवार की दोपहर टैम्पो सिधौली के रोडवेज बस स्टॉप से गुजर रहा था। इसी बीच सीतापुर से लखनऊ जा रही एक रोडवेज बस को चालक ने हाईवे पर बने कट से अचानक मोड़ दिया।
लिहाजा, टैम्पो व बस में आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में टैम्पो चालक शिवा निवासी सनियावां, अबराना, प्रमोद, किरन, हसीना, अनीसुल, कल्लू असरफ निवासीगण खरतोहना थाना अटरिया गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों ने प्रमोद, किरन, असरफ व कल्लू की हालत नाजुक देख उन्हें जिला अस्पताल भेज दिया है।
ओवरलोड टैम्पो पलटा, 18 सवारियां जख्मी
लहरपुर। तालगांव इलाके में मुंडन संस्कार से वापस जा रहा टैम्पो क्षमता से अधिक सवारियां होने के चलते बेकाबू होकर पलट गया। इस हादसे में करीब 18 सवारियां घायल हो गईं। एक की हालत नाजुक देख जिला अस्पताल भेजा गया है।
थानाक्षेत्र खैराबाद के रहीमाबाद से कुछ लोग तालगांव के अंगरासी के पास गौरी शंकर मंदिर पर मुंडन संस्कार कराने आए थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टैम्पो में करीब 15 महिला-पुरुष और 10 बच्चे सवार थे। परसेंडी मार्ग पर पुल के निकट ओवरलोड टैम्पो अनियंत्रित होकर पलट गया।
हादसे में शिवलाल निवासी रहीमाबाद, कमल, रेनू, शिवम सहित करीब 18 लोग घायल हो गए। घायलों को सीएचसी परसेंडी में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों ने शिवलाल की हालत नाजुक देख उसे जिला अस्पताल भेज दिया है। इंस्पेक्टर योगेश शाह ने बताया कि घटना की जांच कर कार्रवाई की जा रही है।
वाहन की टक्कर से पत्नी की मौत, पति घायल
गोंदलामऊ। संदना थाना इलाके में अज्ञात वाहन ने सड़क पार कर रहे दंपती को टक्कर मार दी। हादसे में पत्नी की मौत हो गई जबकि पति गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे सीएचसी में भर्ती कराया गया है। मिश्रिख कोतवाली क्षेत्र के जरिगवां निवासी रामपाल अपनी पत्नी कमला (55) के साथ साइकिल से शुक्रवार की दोपहर संदना की तरफ जा रहे थे।
संदना थानाक्षेत्र के कोरोना में किसी वाहन ने साइकिल में टक्कर मार दी। हादसे में दंपती बुरी तरह से जख्मी हो गए। पुलिस ने घायलों को सीएचसी मिश्रिख में भर्ती कराया। डॉक्टरों ने कमला को मृत घोषित कर दिया। जबकि रामपाल का इलाज किया जा रहा है।