लहरपुर (सीतापुर)। तालगांव थाना क्षेत्र में सोमवार को झील में एक युवक का शव उतराता हुआ मिला है। युवक दो दिन पहले घर से निकला था। परिवारीजन घटना को एक हादसा बता रहे हैं। पुलिस जांच की बात कह रही है।
तालगांव के ग्राम इटारी निवासी सुदर्शन (30) दो दिन पूर्व घर से निकला था। इसके बाद वह लौटकर घर नहीं पहुंचा। परिवारीजनों ने काफी खोजबीन की, लेकिन उसका कहीं कोई पता नहीं चला। इधर सोमवार की सुबह गांव के कुछ लोग इमतिया झील की तरफ गए। इसी बीच उन्होंने झील में एक युवक का शव उतराता हुआ देखा।
झील में शव पड़ा होने की खबर फैलते ही युवक के परिवारीजन मौके पर पहुंचे। यहां पर परिवारीजनों ने युवक के शव की शिनाख्त की। प्रभारी निरीक्षक योगेश शाह ने बताया कि परिवारीजन घटना को हादसा बता रहे हैं। मृत्यु का कारण जानने के लिए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।