शॉर्ट सर्किट से साइकिल शोरूम में लगी आग
सीतापुर। शहर कोतवाली क्षेत्र में शुक्रवार रात शार्ट सर्किट से एक साइकिल शोरूम में आग लग गई। देखते ही देखते लपटों ने विकराल रूप ले लिया।
सूचना पर पहुंचे दमकल कर्मियों ने दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद लपटों पर काबू पाया। हादसे में दुकान में रखी साइकिलें व पुर्जे जलकर राख हो गए। दुकान स्वामी के मुताबिक हादसे में करीब दस लाख रुपये की संपत्ति का नुकसान हुआ है।
शहर के गुरुनानक कॉलोनी निवासी इंद्रपाल सिंह की लालबाग चौराहे के निकट साइकिल की दुकान है। शुक्रवार शाम दुकान मालिक शॉप में ताला लगाकर घर चला गया।
इसी बीच देर रात अचानक दुकान में आग लग गई। इससे पहले कि किसी को भनक लगती दुकान आग के गोले में तब्दील हो गई।
दुकान से लपटें व धुएं का गुबार उठता देख लालबाग चौराहे पर तैनात सिपाहियों ने आननफानन दमकल विभाग को इसकी सूचना दी।
मौके पर पहुंचे दमकल दस्ते ने करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद किसी तरह आग पर काबू पा जा सका। वहीं समय रहते लपटों पर काबू पा लेने से आसपास की दुकानें भी बच गईं।
उधर, खबर पाकर मौके पर पहुंचे दुकान स्वामी ने पुलिस को बताया कि इस घटना में करीब 10 लाख रुपये की संपत्ति का नुकसान हुआ है। दुकान स्वामी ने संदेह जताया है कि शायद शार्ट सर्किट की वजह से दुकान में आग लग गई होगी।