रेउसा (सीतापुर)। बैंक परिसर के अंदर उचक्कों ने एक खाताधारक की जेब से 18 हजार की नकदी पार कर दी। पीड़ित ने घटना की तहरीर पुलिस को दी। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। स्थानीय थाना व कस्बा स्थित इलाहाबाद यूपी ग्रामीण बैंक में रामखेलावन निवासी कट्टूपुरवा मजरा महेशपुर थाना थानगांव का खाता है।
रामखेलावन शुक्रवार को बैंक में रुपये निकालने गया था। उसने बताया कि बैंक से 20 हजार रुपये निकालने पर कैशियर ने दो हजार के नोट दिए। जिनमें एक नोट कटा होने पर बदलने को कहा। कैशियर नोट बदलने में आनाकानी करने लगा। इस पर बाकी रुपये जेब में रखकर वह कैशियर से कटा नोट बदलने को लेकर बातचीत करने लगा।
इसी बीच भीड़ में किसी उचक्के ने उसकी जेब से 18 हजार की रकम पार कर दी। शाखा प्रबंधक ने सीसीटीवी कैमरे की फुटेज खंगालने की बात कही है। पीड़ित ने पुलिस को तहरीर दी। थाना प्रभारी विनोद कुमार मिश्र ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।