दो युवकों को लाठियों से पीटकर लूटा
मछरेहटा (सीतापुर)। थाना क्षेत्र में मंगलवार भोर बदमाशों ने बाइक सवार दो युवकों को असलहों के बल पर रोकने के बाद लाठी-डंडे से जमकर पीटा और हाथ-पैर बांधने के बाद नगदी, मोबाइल के साथ ही जूते व कपड़े भी लूटकर भाग गए। पुलिस जांच के बाद कार्रवाई की बात कह रही है।
रामकोट क्षेत्र के तारापुर निवासी नवल किशोर पुत्र गयारीलाल मंगलवार भोर पांच बजे अरविंद पुत्र राजाराम निवासी भट्ठीपुरवा थाना नीमगांव लखीमपुर के साथ बाइक से सीतापुर जा रहा था। मछरेहटा थाना क्षेत्र में सड़िला चौराहे के पास तीन बदमाशों ने असलहे के बल पर दोनों को रोक लिया और फिर पास के बाग में खींच ले गए। वहां बदमाशों ने नवल किशोर व अरविंद को लाठी-डंडे से जमकर पीटा और खेत के किनारे लगे कंटीले तार पर ढकेल दिया। इससे दोनों और गंभीर चोटें आईं।
इसके बाद बदमाशों ने नवल किशोर से तीन हजार रुपये कैश व मोबाइल फोन लूट लिया। बदमाशों ने दोनों के कपड़े व जूते भी उतरवा लिए। इसके बाद दोनों के हाथ-पैर बांधकर भाग गए। किसी तरह बंधन मुक्त होकर पीड़ित थाने पहुंचे और पुलिस को तहरीर दी। थाना प्रभारी धनेश प्रसाद ने बताया कि, जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।
आठ लाख के गहने-नगदी चोरी
महोली (सीतापुर)। कोतवाली क्षेत्र में सोमवार देर रात एक घर में घुसे चोर गहने-नगदी समेत करीब आठ लाख रुपये कीमत का माल उड़ा ले गए। पीड़ित ने अज्ञात चोरों के खिलाफ कोतवाली में तहरीर दी है। कोतवाली क्षेत्र के बढ़ैया निवासी चंद्रप्रकाश सोमवार रात कमरे मेें ताला लगाकर परिवार के साथ छत पर सो रहे थे।
देर रात घर में घुसे चोर कमरे का ताला तोड़कर 90 हजार रुपये कैश, सोने-चांदी के जेवर, कपड़े, बर्तन आदि सामान चुरा ले गए। मंगलवार सुबह परिवार के लोग सोकर उठे तो उन्हें घटना की जानकारी हुई। चंद्रप्रकाश ने कोतवाली में तहरीर दी है। उनका कहना है कि, नगदी-गहने समेत करीब आठ लाख रुपये की चोरी हुई है। पुलिस ने जांच के बाद रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की बात कही है।