निर्वाचन के दिन रिश्तेदारों को न बुलाएं घर
सीतापुर। डीएम डॉ. सारिका मोहन ने शनिवार को निकाय चुनाव की बैठक में अफसरों को पूरी पारदर्शिता के साथ, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण तरीके से चुनाव कराने के निर्देश दिए।
कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित बैठक में बूथों पर सुरक्षा समेत अन्य व्यवस्थाओं की जानकारी ली। जिलाधिकारी ने कहा कि वे अपने क्षेत्रों में उन परिवारों से कह दें कि निर्वाचन के दिन किसी अपने रिश्तेदार या बाहरी व्यक्ति को अपने यहां न बुलाएं और न आने दें।
जिलाधिकारी ने कहा कि मंडी समिति में तीन नगर निकाय की काउंटिंग होनी है। वहां पर मानचित्र लगाया जाएं, ताकि लोगों को पता चल सके कि किस नगर निकाय की काउंटिंग किस मतगणना कक्ष में चल रही है।
जिलाधिकारी ने कहा कि जिन वार्डों की मतगणना होगी उनके प्रत्याशी और अभिकर्ता वहां मौजूद रहेंगे लेकिन जिन वार्डों की काउंटिंग नहीं हो रही होगी, उनके प्रत्याशियों के बैठने की व्यवस्था बाहर पंडाल लगाकर कराएं।
हर राउंड के बाद अलाउंस किया जाएगा। इसकी भी व्यवस्था पहले से कर लें। उन्होंने कहा कि प्रत्येक टेबल पर एक ट्यूब लाइट एक बल्ब तथा जनरेटर की व्यवस्था की जाए।
उन्होंने सभी उपजिलाधिकारियों से सीसीटीवी कैमरों की प्रतिपूर्ति के बारे में भी जानकारी ली। उन्होंने बताया कि पूरे निर्वाचन की वेबकास्टिंग की जाएगी तथा 26 नवंबर को सभी संबंधित कर्मियों को टैबलेट दे दिया जाएगा जो एनआईसी के माध्यम से सभी चुनाव संबंधी कार्यों की वेबकास्टिंग करेंगे।
पुलिस अधीक्षक आनंद कुलकर्णी ने कहा कि जिन व्यक्तियों से निर्वाचन में गड़बड़ी की आशंका है उनके पीछे दो आरक्षी और एक कैमरामैन लगा दें। जहां-जहां भी वह व्यक्ति जाएं वह लोग उनके साथ रहें।
ज्यादा दिक्कत आए तो उन्हें अरेस्ट कर लें। उन्होंने पुलिस अधिकारियों से कहा कि पुलिस की सक्रियता ज्यादा फील्ड में रहनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि बार्डर के थानों में 24 घंटे पहले बैरियर लगाकर चेकिंग करें। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी डॉ. अरविंद कुमार चौरसिया, अपर जिलाधिकारी विनय पाठक आदि उपस्थित थे।