झिंझाना (ब्यूरो)। गांव नोनांगली में डेढ़ माह पूर्व हुई मुर्गी फार्म संचालक की हत्या का पुलिस खुलासा नहीं कर पाई है। इससे परिजनों में रोष है। परिजनों ने उप्रमुख सचिव (गृह) को पत्र भेजकर हत्याकांड का खुलासा कराने की मांग की है। आरोप है कि पुलिस जानबूझकर वारदात का खुलासा नहीं कर रही है। गांव नोनांगली निवासी मोहित की आठ अक्तूबर को उसके मुर्गी फार्म पर गला घोंटकर हत्या कर दी थी। मोहित के भाई संजय ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ थाना झिंझाना में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। घटना को हुए करीब डेढ़ महीना बीत गया है, लेकिन अब तक पुलिस खुलासा नहीं कर पा रही है। पूर्व प्रधान चौधरी मोहर सिंह और महक सिंह ने प्रमुख सचिव गृह को पत्र भेजकर आरोप लगाया कि झिंझाना थाना पुलिस ने मामले को दबाने की कोशिश कर रही है। वहीं, थाना प्रभारी भगवत सिंह ने बताया कि पुलिस छानबीन में लगी हुई है, जल्दी ही खुलासा किया जाएगा।