पिसावां में 16 लाख रुपये के इनाम के लालच में एक व्यक्ति ने 16 हजार रुपये गवां दिए। ठगों ने मोबाइल के जरिए उसे निशाना बनाया। पीड़ित ने इस संबंध में थाने में तहरीर दी है।
ग्राम सैतिहापुर निवासी सत्य प्रकाश के मोबाइल पर दो दिन पहले कॉल आई। कॉल करने वाले ने खुद को एक निजी फोन कंपनी का एमडी बताया।
जिसके बाद सत्यप्रकाश से कहा कि उसे 16 लाख रुपये का इनाम कंपनी की ओर से दिया जा रहा है। इसकी प्रारंभिक कार्रवाई के लिए एक अकाउंट में 16 हजार रुपये जमा करने पड़ेंगे।
इतनी बड़ी रकम ईनाम में मिलती देख सत्य प्रकाश राजी हो गया। जिसके बाद उसने कॉल करने वाले व्यक्ति द्वारा बताए गए अकाउंट नंबर में मैगलगंज स्थित पंजाब नेशनल बैंक की शाखा से 16 हजार रुपये डाल दिए।
रुपये अकाउंट में आते ही कॉल करने वाले ने एक बार फिर से 20 हजार रुपये अकाउंट में डालने के लिए कहा, तब उसे शक हुआ। उसने अपने परिचितों को यह बात बताई तो उसे अपनी गलती का अहसास हो गया।
इसके बाद अब सत्य प्रकाश ने कॉल आने वाले नंबर के खिलाफ थाने में तहरीर दी है। थानाध्यक्ष रंधा सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।