संदना और संडीला पुलिस के बीच डेढ़ घंटे चलता रहा सीमा विवाद
संदना (सीतापुर)। गोमती नदी में उतराता देखा गया एक युवती का शव डेढ़ घंटे तक हरदोई व सीतापुर जिले की सीमा विवाद में उलझने की वजह से बाहर नहीं निकाला गया। इस दौरान शव करीब एक किलोमीटर दूर तक बहता चला गया। फिर संदना पुलिस ने शव को नदी से बाहर निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतका की शिनाख्त नहीं हो पाई है।
सीतापुर व हरदोई जिलों की सीमा पर बहने वाली गोमती नदी के ऐमा घाट पुल के करीब मंगलवार की देर शाम एक युवती का शव नजर आने से हड़कम्प मच गया। राहगीरों ने 100 नंबर पर पुलिस को सूचना दी। संदना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव हरदोई जिले में होने की बात कहकर पल्ला झाड़ लिया।
हरदोई के संडीला थाने की पुलिस पहुंची और शव सीतापुर जिले में होने की बात कही। करीब डेढ़ घंटे तक सीमा विवाद चलता रहा। इसी बीच संडीला पुलिस वापस चली गई। उधर, इस दौरान युवती का शव पानी के तेज बहाव में बहता हुआ लगभग एक किलोमीटर दूर तक चला गया। आखिरकार संदना पुलिस ने शव को नदी से बाहर निकलवाया।
करीब 25 साल उम्र की मृतका ने सलवार सूट पहन रखा था। गले में पीतल की एक माला भी मिली है। संदना थाना प्रभारी धर्मवीर उपाध्याय ने बताया कि शव की हालत बता रही है कि मौत तीन से चार दिन पहले हुई होगी। मृतका की शिनाख्त नहीं हो सकी है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर शिनाख्त के प्रयास शुरू कर दिए गए हैं।