मंगलवार को सभी अपने घरों से स्कूल के लिए निकले थे
महमूदाबाद (सीतापुर)। घरों से स्कूल पढ़ने के लिए निकले चार किशोर संदिग्ध हालात में मंगलवार को लापता हो गए। देर शाम तक घर न पहुंचने पर परिवारीजनों ने इनकी तलाश की, लेकिन उनका कहीं पता नहीं चला। ऐसे में बुधवार की शाम परिवारीजनों ने कोतवाली पहुंचकर बच्चों के लापता होने की तहरीर दी। पुलिस ने केस दर्ज कर लापता बच्चों की तलाश शुरू की।
महमूदाबाद कोतवाली क्षेत्र के बेहटी निवासी प्रकाश का पुत्र रोहित (15) कक्षा आठ व मोहित (12) कक्षा छह का छात्र है। इनके अलावा सटल्लू का पुत्र विकास (11) व श्रवण का पुत्र उदयभानु (11) महमूदाबाद स्थित स्कूलों में पढ़ाई करते हैं। मंगलवार को अवकाश होने के बावजूद चारों अपने-अपने घरों से स्कूल जाने की बात कहकर निकले थे।
उसके बाद देर रात तक घर वापस नहीं आए। बच्चों के देर रात तक घर वापस न पहुंचने पर परिवारीजनों ने बच्चों की तलाश शुरू की। पर उनका कहीं पता नहीं चल सका। मंगलवार से बुधवार की शाम तक अभिभावक संभावित स्थानों पर बच्चों की तलाश करते रहे, लेकिन उनका कहीं पता नहीं चल सका।
आखिरकार परेशान परिवारीजनों ने कोतवाली पहुंचकर मामले की तहरीर पुलिस को सौंपी। कोतवाल ज्ञानेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि बच्चों के गुमशुदा होने की तहरीर मिली है। रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।
प्रथम दृष्टया जांच में जानकारी मिली है कि चारों छात्र योजनाबद्ध तरीके से अपने घरों से मुंडा गोपालदास बाबा का मेला देखने गए थे। वहां से कहीं चले गए हैं। बच्चों की तलाश पुलिस टीम द्वारा सरगर्मी से की जा रही है।