दुष्कर्म में असफल होने पर विवाहिता को कियाघायल
सीतापुर। अटरिया में दुष्कर्म में असफल एक दरिंदे ने गांव की विवाहिता पर धारदार हथियार से ताबड़तोड़ प्रहार किए। जिसके बाद घायल विवाहिता को खेत में छोड़कर भाग गया।
शाम को विवाहिता को घायल अवस्था में पड़ी मिली। पुलिस ने इस मामले में मारपीट व छेड़छाड़ की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की है। घायल विवाहिता को कस्बे से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है।
अटरिया के एक गांव की निवासी विवाहिता (25) शुक्रवार दोपहर चारा लेने खेत पर गई थी। इसी बीच घात लगाकर बैठे ज्ञानेंद्र ने उसे दबोच लिया और दुष्कर्म का प्रयास करने लगा।
विरोध करने पर ज्ञानेंद्र ने विवाहिता पर धारदार हथियार से ताबड़तोड़ प्रहार दिए। इससे विवाहिता घायल होकर खेत में ही गिर गई। इसके बाद आरोपी भाग गया।
उधर, शाम तक विवाहिता के घर न पहुंचने पर परिवार उसे तलाशने निकल पड़ा। इसी बीच एक खेत में वह घायल हालत में पड़ी मिली।
उसे सीएचसी में भर्ती कराया गया है। थानाध्यक्ष ओपी राय ने बताया की परिवार की तहरीर पर ज्ञानेंद्र के खिलाफ छेड़छाड़ आदि धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की गई है।