पिता की हत्या करने वाले युवक ने फांसी लगाकर दी जान
पुलिस कर रही थी आरोपी की तलाश
गोंदलामऊ (सीतापुर)। शादी के लिए रुपए न देने पर पिता का कत्ल करने के आरोपी ने शुक्रवार रात गांव के बाहर फांसी लगा कर खुदकुशी कर ली। उसकी बाइक पिता की चिता के निकट बरामद हुई है। परिवारीजन का कहना है कि पिता की हत्या करने के बाद मृतक पछतावा कर रहा था। आत्मग्लानि के चलते उसने खुदकुशी कर ली। पुलिस का कहना है कि मृतक पिता के कत्ल में नामजद था।
संदना थाना क्षेत्र के नेवादा खुर्द गांव निवासी अशोक (35) का शव शनिवार की सुबह गांव से कुछ दूरी पर आम के एक पेड़ पर फांसी से लटकता मिला। खबर पाकर पुलिस व परिवारीजन मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। बताते हैं कि अशोक ने तीन जुलाई को अपने पिता इंदल की सूजा भोंक कर हत्या कर दी थी। वह पिता से शादी के लिए रुपए मांग रहा था। रुपए न मिलने से उसने शराब के नशे में धुत होकर पिता का कत्ल कर दिया था। जिसके बाद अशोक को पिता के कत्ल में नामजद किया गया था। पुलिस उसकी तलाश में थी। इसी बीच शनिवार की सुबह उसका शव फांसी पर लटकता मिला। परिवारीजनों के मुताबिक आत्मग्लानि के चलते उसने खुदकुशी कर ली है। उसकी बाइक पिता की चिता के निकट खड़ी मिली है। पुलिस का कहना है कि शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। जांच कर कार्रवाई की जाएगी।
बाक्स
पत्नी से विवाद के बाद शराबी ने फांसी लगा दी जान
गोंदलामऊ (सीतापुर)। संदना थाना क्षेत्र में एक बुजुर्ग ने फांसी लगा कर खुदकुशी कर ली। बताते हैं कि मृतक ने पत्नी से विवाद के बाद शराब के नशे में धुत होकर खुदकुशी कर ली है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
संदना थाना क्षेत्र के खालेगढी गांव निवासी नत्थाराम (63) का शव शनिवार की सुबह गांव के पूरब आम के एक पेड़ से फांसी पर लटकता मिला। बताते हैं कि नत्थाराम का शुक्रवार की शाम पत्नी से विवाद हुआ था। जिसके बाद शराब के नशे में धुत नत्था राम घर से चला गया था। सुबह उसका शव फांसी पर लटकता मिला। परिवारीजन का कहना है कि बुजुर्ग ने पत्नी से विवाद के बाद खुदकुशी कर ली। पुलिस का कहना है कि शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है।
बाक्स
अज्ञात कारणों से युवक ने की आत्महत्या
मछरेहटा (सीतापुर)। थाना क्षेत्र के मिरचौड़ी गांव निवासी बबलू (25) ने शुक्रवार की रात गांव के बाहर पेड़ पर लटक कर खुदकुशी कर ली। सुबह लोगों को जानकारी हुई तो पुलिस को बताया गया। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। जांच पड़ताल कर कार्रवाई की जाएगी।