पिकअप पलटी, महिला की मौत, तीन जख्मी
रामकोट क्षेत्र में रेल क्रॉसिंग के निकट हादसा
सीतापुर। रामकोट क्षेत्र में पराग डेयरी के निकट रेल क्रॉसिंग के पास दूध से भरी पिकअप पलट गई। उसकी चपेट में आकर एक बुजुर्ग महिला की मौत हो गई, जबकि दो अन्य महिलाओं समेत तीन लोग जख्मी हो गए। घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना की सूचना पाकर पुलिस भी पहुंच गई थी।
रामकोट इलाके के गोविंदपुर निवासी फूलमती (75) पत्नी बाबूराम अपने पौत्र शुभम के साथ बुधवार को रामकोट इलाके में पराग डेयरी के निकट खड़ी थी। इसी बीच पड़ोस से महोली के पीतमपुर निवासी रामवती (55) पत्नी बलदेव व इसकी जेठानी नंदकु मारी (56) पत्नी नंदलाल वहां से गुजर रही थीं। तभी दूध लेकर जा रही एक पिकअप अचानक अनियंत्रित होकर वहीं पलट गई, जिससे तीनों महिलाओं समेत चार लोग वाहन की चपेट में आ गए। हादसे में चारों लोग जख्मी हो गए। आननफानन में उन्हें जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने फूलमती को मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद पिकअप चालक बचकर भाग निकला।
वाहन की टक्कर से ग्रामीण की मौत
सीतापुर। शहर कोतवाली इलाके में नित्यक्रिया के लिए रात को उठे ग्रामीण को एक पिकअप ने टक्कर मार दी, जिससे युवक गंभीर रूप से जख्मी हो गया। उसे जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना पुलिस को दे दी गई है।
शहर कोतवाली इलाके के बम्भनपुरवा निवासी रामसागर (36) पुत्र बलीराम का गांव के बाहर सड़क किनारे मकान है। बताते हैं कि आधी रात को वह नित्यक्रिया के लिए उठा। तभी उधर से गुजरी एक तेज रफ्तार पिकअप ने उसे टक्कर मार दी और भाग निकली, जिससे रामसागर गंभीर रूप से जख्मी हो गया। उसे आननफानन में जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी मौत हो गई।