इंदौर में एक फैक्ट्री को भेजा था माल, जांच में मिलीं कई खामियां
तंबौर (सीतापुर)। कस्बे के छतांगुर में एक प्लाईवुड फैक्ट्री पर आयकर विभाग की टीम के छापे से व्यापारियों में खलबली मच गई। यह टीम शुक्रवार शाम को फैक्ट्री में दाखिल हुई थी, उसे वहां पर दस्तावेज व स्टॉक मिलान करने में 30 घंटे का समय बीत चुका है। पर जांच पूरी नहीं हो सकी है, हालांकि जांच के दौरान टीम को कई खामियां मिली हैं।
उधर, टीम के अफसर जांच पूरी होने से पहले कुछ भी बोलने को तैयार नहीं थे। बता दें कि आयकर विभाग की टीम ने इंदौर में एक प्लाईवुड फैक्ट्री पर छापा मारा था। छापे में पाया गया था कि तम्बौर की हिंदुस्तान प्लाईवुड फैक्ट्री ने उसे प्लाई की सप्लाई की थी। इस पर आयकर टीम को तम्बौर में हिंदुस्तान प्लाईवुड फैक्ट्री की जांच के आदेश मिले थे।
लखनऊ के आयकर अधिकारी इजहार हुसैन, रजनीश द्विवेदी व सीतापुर के आयकर अधिकारी सीपी श्रीवास्तव, आयकर निरीक्षक शिव दीप सिंह व केके सिंह ने शुक्रवार शाम को छापा मारा था, लेकिन टीम को वहां पर संचालन मिला नहीं था। इस पर टीम उनके आने का इंतजार कर रही थी।
उनके आने के बाद सर्च टीम का ऑपरेशन शुरू हुआ। टीम ने फैक्ट्री के कार्यालय व परिसर में सघन जांच शुरू की। जांच के दौरान टीम ने फैक्ट्री में खाता बही समेत अन्य स्टॉक रजिस्टर की पड़ताल की। साथ ही स्टॉक का भी मिलान किया। यह कार्य शाम आठ बजे तक जारी रहा।
आयकर अधिकारी सीपी श्रीवास्तव ने बताया कि उच्चाधिकारियों के आदेश पर फैक्ट्री की जांच की जा रही है। पड़ताल में कुछ खामियां भी सामने आई हैं। लेकिन जांच पूरी होने से पहले कुछ कहा नहीं जा सकता है। जांच के बाद रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को भेजी जाएगी।