नगर के सूर्यकुंड तीर्थ पर युवती को खरीदार के हवाले करने आए थे बेचने वाले
लहरपुर (सीतापुर)। नगर के सूर्यकुंड में दिनदहाड़े एक युवती की बिक्री की जा रही थी। शक होने पर एक जागरूक नागरिक ने पुलिस को खबर कर दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर युवती को बरामद करते हुए उसे बेचने और खरीदने वाले चार लोगों को गिरफ्तार कर लिया है।
बुधवार को नगर के सूर्यकुंड तीर्थ पर कुछ लोग 20 वर्षीय एक युवती के साथ आए। उनके हावभाव से स्थानीय नागरिक शेर सिंह ने जब उनसे पूछताछ की तो उसे कुछ गड़बड़ लगी। इस पर शेर सिंह ने 100 नंबर डायल कर पुलिस को सूचना दी। पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और युवती सहित चार लोगों को हिरासत में लेकर कोतवाली लाई।
पूछताछ में पकड़े गए लोगों ने बताया कि युवती को बिसवां थाना क्षेत्र के मधईपुर गांव से बहला-फुसलाकर लाए हैं। उसे बेचने की फिराक में थे। युवती को बहला-फुसलाकर लाने वाला शत्रोहन निवासी गजनीपुर कोतवाली बिसवां का रहने वाला है। जबकि हरचरण निवासी शिवपुरी कोतवाली बिसवां लड़की का मौसा बनकर यहां आया था।
उक्त लोगों ने छोटकन्ने निवासी गजनीपुर बाजार कोतवाली बिसवां से युवती का 12 हजार रुपये में सौदा तय किया था। सूर्यकुंड तीर्थ पर मिलने की बात तय हुई थी। खरीदने वाले छोटकन्ने के साथ उसका रिश्तेदार राजेश कुमार निवासी भिठमनी कोतवाली बिसवां भी आ गया था। पुलिस ने बताया कि पकड़े गए लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर जेल भेजने की कार्रवाई की जा रही है।