गोपालपुर चौराहे के निकट हुई घटना का वीडियो वायरल
संदना/सिधौली (सीतापुर)। थाना क्षेत्र में एक पेट्रोल पंप पर सिधौली के दमकल अधिकारी व पंप संचालक के बीच जमकर विवाद हुआ। हालांकि बाद में दोनों पक्षों में सुलह समझौता हो गया। इस विवाद का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। पंप संचालक ने इस संबंध में सीओ सिधौली को प्रार्थना पत्र दिया है। सीओ जांच की बात कह रहे हैं।
सिधौली-मिश्रिख मार्ग के किनारे गोपालपुर चौराहे के निकट अजय बहादुर का श्याम प्रेम पेट्रोल पंप है। गुरुवार की दोपहर नैमिष में राज्यपाल का कार्यक्रम निपटाने के सिधौली वापस जा रहा दमकल दस्ते का वाहन पेट्रोल पंप पर पहुंच गया।
यहां पर दमकल दस्ते से उतरे उपनिरीक्षक राकेश कुमार चतुर्वेदी से पंप मैनेजर हर्ष कुमार व सेल्समैन मैनेजर धीरेंद्र कुमार से कहासुनी होने लगी। तकरार बढ़ने पर किसी ने यूपी-100 पर फोन कर पुलिस बुला ली। पुलिस ने समझा बुझाकर दोनों पक्षों को शांत किया।
इस मामले में पंप संचालक का कहना था कि दमकल अधिकारी अवैध वसूली के लिए पंप पर आए थे। जबकि दमकल उपनिरीक्षक का कहना था कि वाहन में तेल कम हो गया था। इस वजह से वाहन को पंप पर ले गए थे। जिसमें कहा गया था कि वाहन में तेल डाल दो और बिल बनाकर दे दो।
इस पर पंप संचालक ने उधार तेल देने से तो मना ही कर दिया और उल्टे विवाद करने लगा। इस संबंध में पंप संचालक ने सीओ सिधौली को दमकल अधिकारी के खिलाफ शिकायती पत्र दिया है। जिसमें अवैध वसूली का आरोप लगाया है।
आरोप यह भी है कि विवाद के दौरान दमकल अधिकारी ने पंप कर्मियों पर रिवॉल्वर भी तानी और गोली मार देने की धमकी दी। इस पूरे मामले को वहां पर खड़े एक शख्स ने मोबाइल फोन के कैमरे में कैद कर लिया। जिसने वीडियो को वायरल कर दिया। सीओ इस मामले में जांच की बात कह रहे हैं।
जांच के बाद कार्रवाई
पंप संचालक की लिखित शिकायत मिली है। मामले की जांच की जा रही है। पंप पर लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज भी देखी जा रही है। जांच के बाद ही कार्रवाई की जाएगी। रिवॉल्वर तानने का आरोप झूठा प्रतीत हो रहा है।
-उदय प्रताप सिंह, सीओ