टूटे तार में उतरे करंट से व्यापारी की मौत
लहरपुर (सीतापुर)। तालगांव थाना क्षेत्र में शुक्रवार को टूटे पड़े हाईटेंशन लाइन के तारों में एक साइकिल सवार व्यापारी उलझ गया।
इससे करंट की चपेट में आकर उसकी मौके पर ही मौत हो गई। क्षेत्रीय ग्रामीणों ने पावर कॉर्पोरेशन के अफसरों पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा भी किया। व्यापारी वहां फेरी लगाने पहुंचा था।
मानपुर के गेंदपुरवा हथिया निवासी रफीक (41) फेरी लगाकर मुर्गी के चूजे बेचता था। शुक्रवार को वह चूजे लेकर साइकिल से तालगांव क्षेत्र में निकला था।
भनुवापुर के समीप हाईटेंशन लाइन का तार टूटा हुआ तार रास्ते पर पड़ा था। जिसमें करंट दौड़ रहा था। रफीक जैसे ही साइकिल लेकर उधर से गुजरा।
रास्ते में टूटे पड़े हाईटेंशन लाइन का तार साइकिल में उलझ गया। इससे पहले कि रफीक कुछ समझ पाता, वह करंट की चपेट में आ गया। देखते ही देखते रफीक के पैर आग के गोले में तब्दील हो गए।
आसपास के ग्रामीण मदद को दौड़े, लेकिन आग लपटों की वजह से वे भयभीत हो गए। गांव के लोगों ने फोन की पॉवर कार्पोरेशन को सूचना दी। तब कहीं जाकर बिजली सप्लाई काटी गई। लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी।
रफीक की करंट से झुलसकर मौके पर ही मौत हो चुकी थी। क्षेत्र के नागरिकों की मानें तो हादसा पॉवर कार्पोरेशन की लापरवाही के चलते हुआ है।
बिजली का तार कई दिनों से टूटा हुआ पड़ा है, पॉवर कार्पोरेशन को सूचना दी गई। बावजूद इसके जिम्मेदारों ने न तो तार को दुरुस्त करना जरूरी समझा और न ही तार में दौड़ रहे करंट को रोकना।
नतीजतन पॉवर कार्पोरेशन की लापरवाही का खामियाजा व्यापारी को अपनी जान देकर चुकाना पड़ा। उधर, घटना के संबंध में पॉवर कार्पोरेशन के अधिकारियों ने चुप्पी साथ रखी है। कोई कुछ बोलने को तैयार नहीं है।