इमलिया सुल्तानपुर थाने से चोरी पुलिस की टॉर्च बरामद
पिसावां (सीतापुर)। पुलिस के थानों को निशाना बनाकर चोरी करने वाले गैंग का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। जहां पुलिस ने इस गैंग के पांच लोगों को गिरफ्तार किया है। वहीं उनका एक साथी निकल भागने में सफल हो गया। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से चोरी की बाइक समेत इमलिया सुल्तानपुर थाने से चोरी टॉर्च बरामद की है।
थानाध्यक्ष जयशंकर सिंह पुलिस टीम के साथ थाना क्षेत्र के ग्राम पिपरी मोड़ पर नाकेबंदी की। यहां पर पुलिस ने दो बाइकों पर सवार छह संदिग्धों को दबोचने का प्रयास किया। एक बाइक व पांच शातिरों को पुलिस ने दबोच लिया। जबकि उनका एक साथी बाइक समेत निकल भागने में सफल रहा।
थानाध्यक्ष ने बताया कि पकड़े गए पांचों लोग शातिर बदमाश हैं। उनकी पहचान हरगांव थाना क्षेत्र के ग्राम खम्हौना निवासी सुनील, अजय प्रताप सिंह, हरिनाम व भानू के रूप में हुई है। उनके कब्जे से चोरी की एक बाइक, 180 ग्राम मारफीन, पुलिस थाने से चोरी की गई टॉर्च बरामद की हुई है।
थानाध्यक्ष ने बताया कि बाइक को शहर कोतवाली क्षेत्र के तामसेनगंज मोहल्ले से चोरी किया गया था। बताया कि यह गैंग पुलिस के थानों में भी चोरी करता था। इसने इमलिया सुल्तानपुर थाने में वर्ष 2014 में सिपाही संजय सिंह के घर से 35 हजार रुपये की चोरी की थी।
फरवरी 2017 में इमलिया सुल्तानपुर में ही इकबाल हैदर के आवास से सरकारी टॉर्च, पर्स आदि सामान चोरी कर लिया था। इसी गैंग ने रामकोट, मछरेहटा समेत जिले के कई थानों, लखीमपुर के फूलबेहड़ थाने में बलरामपुर के कई थानों में चोरी की वारदातों को अंजाम दिया।
इमलिया सुल्तानपुर थाने से चोरी टार्च व चार्जर को बरामद कर लिया गया है। थानाध्यक्ष ने बताया कि यह गैंग आम लोगों को तो अपना शिकार बनाता ही था, वहीं थानों में चोरी करके, पुलिस को चुनौती भी देता था।