विवाहिता की संदिग्ध हालात में जलकर मौत
पुलिस ने कहा तहरीर मिलने पर होगी कार्रवाई
कमलापुर(सीतापुर)। थाना इलाके में गुरुवार देर रात एक विवाहिता ने संदिग्ध हालात में आग लगा ली। परिवारीजनों ने आग बुझाकर उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस तहरीर मिलने पर कार्रवाई की बात कह रही है।
सेमरहा के रफीक की शादी पांच साल पहले भंडिया की अलीमुन (25) से हुई थी। गुरुवार रात अचानक चीख सुनकर आस-पड़ोस के लोग रफीक के घर पहुंचे तो अलीमुन लपटों से घिरी थी। रफीक के मुताबिक शोर सुनकर उसकी भी आंख खुली तो घर में पत्नी को जलते देखा। किसी तरह आग बुझाई लेकिन तब तक अलीमुन बुरी तरह झुलस चुकी थी। आननफानन उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। थाना प्रभारी अजय कुमार सिंह ने बताया कि घटना के संबंध में अभी तक किसी ने तहरीर नहीं दी है।