हादसों में दो की मौत, छह जख्मी
- रेउसा, रामपुर कलां और महमूदाबाद में हुई दुर्घटनाएं
सीतापुर। जिले के अलग-अलग इलाकों में हुए सड़क हादसों में दो लोगों की मौत हो गई वहीं छह लोग घायल हो गए। घायलों में पांच को लखनऊ ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया है।
रामपुर मथुरा इलाके के दूलमपुरवा गांव निवासी बिटोला (28) पत्नी राजू उर्फ जयनारायन सोमवार को पति संग साइकिल से भाई को राखी बांधने मायके रेउसा के महादेवा गांव जा रही थी। दंपती रेउसा इलाके में मंगलपुरवा मार्ग पर तालाब के पास पहुंचा, तभी पति ने लघुशंका करने के लिए साइकिल रोक दी। साइकिल सड़क किनारे खड़ी कर बिटोला का पति चला गया। इस बीच बिटोला सड़क किनारे बैठ गई। बताते हैं कि इसी बीच बाइक सवार अज्ञात लोग तेज रफ्तार से निकले और बिटोला को टक्कर मार भाग निकले। हादसे में बिटोला गंभीर रूप से जख्मी हो गई। बिटोला को सीएचसी रेउसा पहुंचाया गया जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
वहीं रामपुर कलां क्षेत्र के जोतपुर गांव निवासी राकेश (30) अपने साथी रोहित के साथ सोमवार को बाइक से कहीं जा रहा था। सिधौली-बिसवां मार्ग पर रामपुर कलां क्षेत्र के अमझला के पास एक टैम्पों ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में राकेश की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका साथी रोहित जख्मी हो गया। उसे सीएचसी बिसवां ले जाया गया। घटना के बाद चालक टैम्पो छोड़ भाग गया। पुलिस ने दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर कार्रवाई शुरू कर दी है। उधर महमूदाबाद कोतवाली इलाके के सेमरी-महमूदाबाद मार्ग पर नूरपुर चौराहे के समीप तेज गति से टैंपों और बाइक की भिड़ंत हो गई। इस हादसे में टैंपों पर सवार धर्मराज (39), वीरेश(40), मयंक (13), रुचि (18) तथा इशिता(3) गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों की हड्डियां टूटी हैं। सभी घायलों को एंबुलेंस की सहायता से सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र में भर्ती कराया जहां घायलों की स्थिति गंभीर देखते हुए डॉक्टरों ने लखनऊ ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया।