घायल किसान लखनऊ रेफर, हरगांव थाना क्षेत्र का मामला
सीतापुर। हरगांव थाना क्षेत्र में बुधवार रात चोरी की नीयत से पहुंचे एक चोर ने पीछा करने पर किसान को गोली मार दी। घायल किसान को नाजुक हालत में ट्रॉमा सेंटर लखनऊ रेफर किया गया है। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वारदात से क्षेत्र में सनसनी फैल गई है।
हरगांव थाना क्षेत्र के ग्राम रीछिन निवासी हरिश्चंद्र (30) किसान है। बुधवार की रात वह घर में सो रहा था। बताते हैं कि इसी दरम्यान एक चोर उसके घर में घुस आया। आहट पाकर हरिश्चंद्र की नींद खुल गई। अपने घर में अजनबी को सामान बटोरते देख उसने शोर मचाना शुरू कर दिया।
गृहस्वामी के शोर मचाते ही चोर घर में बंधे बकरे को उठाकर निकल भागा। हरिश्चंद्र ने शोर मचाते हुए उसका पीछा करना शुरू कर दिया। बताते हैं कि गांव के मेवालाल के हाते में कटीले तार लगे थे, जिसकी वजह से चोर तार में उलझकर गिर गया। उसके गिरते ही हरिश्चंद्र ने उसे दबोचना चाहा। अपने को फंसते देख चोर ने तमंचे से फायर झोंक दिया।
गोली लगते ही हरिश्चंद्र घायल होकर गिर गया। इसी बीच चोर मौके से निकल भागा। फायर व चीख सुनकर मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने आननफानन घायल किसान को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। यहां पर डॉक्टरों ने उसे ट्रॉमा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया। थानाध्यक्ष अनिल पांडेय ने बताया कि घटना की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। चोर की तलाश की जा रही है।