सिधौली (सीतापुर)। कोतवाली इलाके में शौच के लिए खेतों की ओर गई किशोरी से एक युवक ने दुष्कर्म किया। हैवानियत से किशोरी बेहोश हो गई। खेत में उसे इस हालत में छोड़कर दरिंदा भाग गया। सूचना पर बेहोश किशोरी को परिवारीजन घर लाए। होश में आने पर उसने आपबीती सुनाई। पीड़िता की मां ने घटना की तहरीर पुलिस को दी। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया।
कोतवाली क्षेत्र के एक गांव में रहने वाली एक किशोरी मंगलवार की शाम गांव के बाहर गन्ने खेत मेें शौच को गई थी। आरोप है कि अंधना संदना निवासी अनुज ने वहां किशोरी को दबोच लिया और दुष्कर्म किया। इसके बाद बेहोशी की हालत में किशोरी को खेत में ही छोड़कर वह भाग गया। काफी देर तक जब किशोरी घर नहीं लौटी तो उसकी तलाश शुरू की गई।
इस दौरान वह गन्ने के खेत में बेहोश पड़ी मिली। यह देख किसी अनहोनी की आशंका के मद्देनजर परिवारीजनों ने 100 नंबर डायल कर सूचना दी। होश में आने पर किशोरी ने परिवारीजनों को आपबीती सुनाई। कोतवाली प्रभारी आमोद रंजन चौधरी ने बताया कि आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म का केस दर्ज कर उसकी तलाश की जा रही है।