घर में घुस साढ़े सात लाख का माल ले उड़े
रेउसा व कमलापुर में चोरी
रेउसा/कमलापुर (सीतापुर)। रेउसा में चोरों ने दो गांवों से जहां नकदी, जेवर समेत करीब साढ़े पांच लाख रुपये का माल पार कर दिया। वहीं कमलापुर में चोरों ने एक ही घर से दो भाइयों का करीब दो लाख का माल पार कर दिया। सूचना पुलिस को दे दी गई है।
रेउसा के हरीपुर गांव निवासी मुख्तार सिंह ने बताया कि रात को चोर किसी पहर उसके घर के अंदर घुस गए। जिसके बाद चोरों ने उसके घर से 25 हजार की नकदी, जेवर, बर्तन व कपड़े सहित करीब पांच लाख का माल पार कर दिया। सुबह उसे घटना की जानकारी हुई। जिसके बाद उसने पुलिस को बताया। रेउसा इलाके के ही मुगलनपुरवा निवासी अजमत के घर चोर घुस गए। जिसके बाद चोरों ने उसके घर से गुरुवार रात 15 हजार की नकदी, जेवर, बर्तन सहित लगभग 50 हजार का माल बटोर ले गए। इसने भी पुलिस को घटना से अवगत करा दिया है। इसी तरह कमलापुर थाना क्षेत्र के ककईया पारा गांव निवासी रमाकांत के घर चोर गुरुवार की रात घुस गए। यहां से चोर रमाकांत व उसके भाई विकास के घर से करीब 62 हजार की नकदी, जेवर, बर्तन सहित लगभग दो लाख की संपत्ति पर हाथ साफ कर दिया। पीड़ितों ने घटना की सूचना पुलिस को दे दी है।
चोरों ने दो लाख का माल उड़ाया
महमूदाबाद (सीतापुर)। सदरपुर में गुरुवार रात चोरों ने एक घर में सेंध काटकर पौन क्विंटल मेंथा ऑयल समेत करीब दो लाख की संपत्ति चोरी कर ली। घटना की सूचना पुलिस को दे दी गई है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौका मुआयना किया है। थाना क्षेत्र के ग्राम परवनपुरवा मजरे शमसाबाद निवासी स्वामी दयाल के घर की दीवार में गुरुवार की रात चोरों ने सेंध काट दी और घर के अंदर दाखिल हो गए। यहां से चोरों ने कमरे का ताला तोड़कर एक पौन क्विंटल मेंथा ऑयल, एक हजार की नकदी, जेवर, सहित दो लाख का माल पार कर दिया। घटना को अंजाम देने के बाद चोर फरार हो गए। थानाध्यक्ष सचिन कुमार सिंह ने बताया कि घटना की जानकारी मिली है। मौका मुआयना कर मामले की जांच की जा रही है।