महमूदाबाद (सीतापुर)। कोतवाली इलाके में गुरुवार की रात को घर से निकलने के बाद एक युवक लापता हो गया है, जबकि उसी गांव की एक युवती का शव शुक्रवार को घर में फंदे से लटकता मिला है। युवक का अभी तक पता नहीं चला। पिता ने युवती के परिजनों ने युवक और युवती दोनों की हत्या का आरोप लगाया है। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल की। मृतका के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। घटना के बाद से गायब चल रहे युवक के पिता ने शुक्रवार देरशाम को पुलिस को तहरीर दी है। उन्होंने आरोप लगाया कि उनके बेटे को फैय्याज, आलम, आजम, असलम ने कहीं गायब कर दिया है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर चारों के खिलाफ अपहरण का मुकदमा दर्ज कर जांच पड़ताल शुरू कर दी है।
महमूदाबाद इलाके के मुस्तफाबाद निवासी रंजीत कुमार (24) गुरुवार की रात घर से निकला था। इसके बाद से पता नहीं चल सका। परिजनों का कहना है और गांव में चर्चाएं हैं कि युवक का गांव की एक 20 वर्षीय युवती से काफी समय से प्रेम-प्रसंग चल रहा था। देररात युवती के बुलाने पर रंजीत उसके घर गया था। युवक के पिता ने बताया कि युवती ने गांव के ही युवक छोटू के फोन पर जानकारी दी कि उसके परिजनों ने रंजीत को पकड़ लिया है। उसे बचा लो नहीं तो मार डालेंगे। यह जानकारी छोटू ने युवक के पिता को दी। पिता और अन्य परिजन भागकर मौके पर पहुंचे, लेकिन वहां पर युवक नहीं मिला। काफी तलाश की। पता नहीं चल सका। रात करीब 3 बजे जानकारी हुई कि युवती का शव घर में फंदे पर लटका है।
लापता युवक के पिता ने युवती के परिजनों पर दोनों की हत्या करने का आरोप लगाया है। आरोप है कि युवक की हत्या करने के बाद शव को नहर में फेंक दिया, जबकि युवती को फंदे पर लटका दिया है। युवक के पिता ने चार लोगों पर अपहरण का आरोप लगाकर रिपोर्ट दर्ज करवाई है। सीओ रविशंकर प्रसाद, कोतवाल ने मौके पर पहुंचकर जांच की है। दोनों पक्षों से पूछताछ की है। सीओ महमूदाबाद ने बताया कि घटना के हर पहलू पर जांच की जा रही है। युवक की तलाश जारी है।
युवक और युवती दोनों परिचित थे। रात में दोनों को परिवार ने देख लिया था। युवती के परिजनों ने युवक की पिटाई कर दी थी। इसके बाद वह मौके से भाग गया। कुछ देर बाद युवती ने फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली है। युवक के परिजनों ने इसकी तहरीर दी है। मामले में जांच कर कार्रवाई की जा रही है। एनपी सिंह, एएसपी साउथ