सीतापुर। थाना इमलिया सुल्तानपुर इलाके में गांव के बाहर नित्यक्रिया को गई एक युवती के साथ छेड़छाड़ कर उसकी फोटो मोबाइल से खींचने का मामला सामने आया है। आरोप है कि फोटो खींचने के बाद युवक ने किसी दूसरे लड़के के साथ युवती की फोटो जोड़कर उसे सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया है। परेशान पीड़िता आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कराने को चौकी से लेकर थाने तक की दौड़ लगा रही है। वहीं एसओ पूरे मामले से अनजान बने हैं।
थाना इमलिया सुल्तानपुर इलाके की काजी कमालपुर चौकी क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली 19 साल की युवती गांव के बाहर 6 दिसंबर को नित्यक्रिया को गई थी। आरोप है कि गांव के बाहर ही युवक ने उसे पकड़ लिया और उसके साथ दुष्कर्म का प्रयास करने की कोशिश की। युवती के शोर मचाया और विरोध किया तो आरोप युवक ने अपने मोबाइल से उसकी फोटो खींच ली और मुंह खोलने पर जानमाल की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गया। युवती का आरोप है कि इसके बाद आरोपी युवक ने उसकी फोटो को किसी दूसरी लड़के के साथ जोड़कर तस्वीर को सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया है, इससे वह काफी परेशान है।
इस मामले को लेकर थाने से लेकर काजी कमालपुर चौकी पर तहरीर दी गई, लेकिन पुलिस कोई कार्रवाई न कर समझौता करने का दबाव बना रही है। नहीं की। पीड़ित परिवार अब जिला मुख्यालय पर जाकर शनिवार को एसपी से मिलकर पूरे मामले की लिखित तहरीर देकर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग करेगा। दूसरी तरफ एसओ इमलिया सुल्तानपुर अनिल सिंह का कहना है कि इस मामले में अभी तक पीड़िता तहरीर लेकर थाने नहीं आयी है। मामला संज्ञान में आते ही मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।