इमलिया सुल्तानपुर/सीतापुर। स्कूल से घर वापस जा रही बालिका का पीछा करके अश्लील टिप्पणी करने वाले तीनों शोहदों को पुलिस ने गिरफ्तार करके जेल भेज दिया है। पीड़िता के परिजन ने पुलिस पर एफआईआर की कापी न देने व एससी एसटी एक्ट की धारा न बढ़ाए जाने का आरोप लगाया है।
कस्बे में इंटर कॉलेज की एक छात्रा छुट्टी के समय घर वापस जा रही थी। इमलिया सुल्तानपुर कस्बे के विशेष समुदाय के तीन नवयुवक शुऐब, अरशद व चांद मोहम्मद ने बाइक से पीछा कर छेड़छाड़ व अश्लील टिप्पणी की। छात्रा इस प्रकरण से परेशान थी। इससे आहत होकर छात्रा ने महिला हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज करा दी। पुलिस ने हीलाहवाली कर धारा 294 के तहत मुकदमा पंजीकृत कर युवकों को जेल भेज दिया।
आरोपी युवक उसी दिन जमानत पर रिहा हो गए। पीड़िता व परिजन कार्रवाई से संतुष्ट नहीं थे। उन्होंने दोबारा हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज करा दी और लिखित तहरीर थाने में दी। पुलिस ने उसी मुकदमे में छेड़छाड़ की धारा व पॉक्सो एक्ट में मुकदमा दर्ज कर दिया। लेकिन एससी एसटी की धारा नहीं लगाई। पुलिस ने तीनों युवकों को काजी कमालपुर से उस वक्त गिरफ्तार किया जब वह भागने की फिराक में थे। पुलिस ने तीनों को जेल भेज दिया है। पीड़िता के परिजनों ने पुलिस पर आरोप लगाया कि पुलिस ने एक सप्ताह बीतने के बाद भी तहरीर की कॉपी नहीं दी है। मामले में मनमानी करके एससी एसटी एक्ट संबंधी धारा नहीं लगाई है।