सीतापुर। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन व आबकारी विभाग ने संयुक्त रूप से बृहस्पतिवार को शहर में अभियान चलाया। इसमें क्रय-विक्रय के अभिलेख न दिखा पाने पर तीन मेडिकल स्टोर संचालकों को नोटिस दिया।
जिला औषधि निरीक्षक अनीता कुरील ने बताया कि जिलाधिकारी के निर्देश पर इस समय पूरे जिले में संयुक्त रूप से अभियान चलाया जा रहा है। शहर के ग्रीकगंज स्थित एआर मेडिकल स्टोर की जांच की गई। यहां पर नारकोटिक्स की दवाएं तो मिली लेकिन संचालक विक्रय के अभिलेख नहीं दिखा पाए। इसी के पड़ोस में संचालित विनायक व गुड्डू मेडिकल स्टोर की जांच की गई। यह भी क्रय-विक्रय संबंधी अभिलेख प्रस्तुत नहीं कर पाए।
इस पर तीनों संचालकों को नोटिस दिया गया है। तीन दिन बाद जवाब आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। डीआई ने बताया कि नारकोटिक्स दवाएं बिना डॉक्टर के परचे के नहीं बेची जा सकती हैं। इन दवाओं का लोग गलत इस्तेमाल कर रहे हैं। वह नशे के रूप में प्रयोग करते हैं। इस पर लगाम लगाने के लिए अभियान शुरू किया गया है।