सीतापुर। एतिहासिक कोरोना टीकाकरण का पहला दिन जिलेवासियों के लिए खुशखबरी लेकर आया है। जिले में सफलतापूर्वक 302 लोगों ने टीका लगवाया। किसी को भी टीकाकरण के बाद कोई दिक्कत नहीं हुई। जिला स्तरीय अफसर डोज के परिणाम का बेसब्री से इंतजार कर रहे थे। पहली डोज मिलने के बाद जब लोग सकुशल निकले तो अफसर भी नो साइड इफेक्ट देखकर प्रसन्न नजर आए। चार केंद्रों पर सुबह 10 से शाम पांच बजे तक अफसरों की निगरानी में टीकाकरण हुआ।
कोरोना टीकाकरण की शुरुआत शनिवार को होनी थी। इसको लेकर चार केंद्रों पर सुबह से ही तैयारियां चल रही थी। जिलाधिकारी भी टीकाकरण को लेकर काफी संजीदा दिखे। सुबह 10:10 बजे जिलाधिकारी जिला महिला अस्पताल पहुंचे। इस दौरान उन्होंने टीकाकरण कक्ष में जाकर तैयारियों को परखा। सीएमओ डॉ. मधु गैरोला भी जिला महिला अस्पताल में मौजूद रहकर टीकाकरण प्रक्रिया को देख रही थी। 10.30 बजे प्रधानमंत्री का लाइव प्रसारण शुरू होने से पहले ही जिला महिला अस्पताल में प्रोजेक्टर तैयार था। लेकिन कोरोना योद्धा पहले से ही केंद्र पर पहुंचकर टीकाकरण का इंतजार कर रहे थे।
जब कोरोना योद्धाओं से टीका लगवाने के बारे में जानकारी ली तो बोले बस जल्द टीका लग जाए। 10.30 बजे जैसे ही प्रधानमंत्री का लाइव प्रसारण शुरू होता है। सीएमओ डॉ. मधु गैरोला व सीएमएस डॉ. सुषमा कर्णवाल एकदम अलर्ट हो जाती हैं। 11 बजे प्रधानमंत्री का भाषण समाप्त होने के बाद अचानक केंद्र पर हलचल मच जाती है। मीडियाकर्मी पहले कोरोना योद्धा की फोटो खींचने को आतुर दिखते हैं। करीब 20 मिनट बाद पहले डॉ. सुनीता कश्यप को वेटिंग रूम से टीकाकरण कक्ष में बुलाया जाता है।
वह वहां पर टीका लगवाती हैं। करीब आधा घंटे आब्जर्वेशन रूम में बैठने के बाद वह 12.15 मिनट पर बाहर निकलती हैं तो उनके चेहरे पर साफ खुशी नजर आ रही थी। डॉ. सुनीता बोली, मुझे देखकर कहीं ऐसा लग रहा कि टीकाकरण के बाद कोई दिक्कत हुई है। जैसे अन्य टीके होते हैं वैसे ही यह कोरोना का टीका है। पूरी तरह से सुरक्षित है। कहीं कोई इसका साइड इफेक्ट नहीं है। इसके बाद अजीत कुमार ने टीका लगवाया। यही क्रम शाम पांच बजे तक चलता रहा।
सीएचसी खैराबाद में सुबह 9.30 बजे सीएचसी प्रभारी रमाशंकर यादव ने तैयारियां परखी। 10बजे डिप्टी सीएमओ डॉ. पीके सिंह व उदय प्रताप ने निरीक्षण किया। सिटी मजिस्ट्रेट शिशिर कुमार ने 10.18 पर चिकित्सकों से टीकाकरण को को लेकर बातचीत की। प्रधानमंत्री का लाइव प्रसारण के बाद टीकाकरण शुरू हुआ। हिन्द अस्पताल अटरिया में एसडीएम संतोष राय व सीएचसी हरगांव में एसडीएम अमित भट्ठ ने मुआयना करके टीकाकरण को देखा।
यहां पर भी लिस्ट से मिलान करके शाम तक टीकाकरण होता रहा। कही पर भी कोई दिक्कत नहीं आई। सफलतापूर्वक पहले दिन का टीकाकरण होने के बाद अफसरों ने राहत की सांस ली। वही लाभार्थी भी पहली डोज पाकर खुश नजर आ रहे है। इस दौरान चार केंद्रों पर 302 लाभार्थियों ने टीकाकरण कराया। जबकि 98 लाभार्थी टीकाकरण से दूर रहे। एसीएमओ डा. पीके सिंह ने बताया कोई भी व्यक्ति बिना पंजीकरण वैक्सीन नहीं प्राप्त कर सकता है।
पंजीकरण के बाद भी संबंधित व्यक्ति को टीकाकरण स्थल तिथि और समय की जानकारी मोबाइल फोन पर एसएमएस के माध्यम से दी जाएगी। पंजीकरण के लिए और टीकाकरण केंद्र पर सत्यापन के लिए फोटोयुक्त पहचान पत्र जरूरी है। टीकाकरण के बाद मोबाइल फोन पर क्यूआर कोड आधारित एक प्रमाणपत्र भी भेजा जाएगा।
महिलाओं ने बढ़ चढ़कर ली हिस्सेदारी
महिला सशक्तीकरण की झलक कोरोना टीकाकरण में भी साफ दिखाई दी। इस राष्ट्रव्यापी टीकाकरण में महिलाओं ने पुरुषों को पछाड़ते हुए टीका लगवाया। जिले में शनिवार को पहले दिन 302 लोगों ने टीका लगवाया। जिसमें सर्वाधिक 223 महिलाएं रहीं। जब लोग टीकाकरण आने से पहले ही तमाम तरह की भ्रांतियां फैला रहे थे, तो इन महिलाओं ने इन भ्रांतियों को दरकिनार कर टीके के लिए लाइन में लगकर हिम्मत दिखाई। महिलाओं की इस हिस्सेदारी को देखकर अफसर भी प्रसन्न नजर आए।
सबसे पहले डॉ. सुनीता को लगा टीका
जिले में कोरोना वैक्सीन सबसे पहले डॉ. सुनीता कश्यप को लगाया गया। 11.30 बजे कोरोना की पहली डोज दी गई। इसके बाद अजीत कुमार ने टीकाकरण कराया। हरगांव सीएचसी में सबसे पहले स्वास्थ्यकर्मी राजेश कुमार ने टीका लगवाया। उसके बाद सीएचसी अधीक्षक डॉ. नीतेश कुमार ने टीका लगवाया। हिन्द अस्पताल अटरिया में पहले बिल्लू व दूसरे नंबर पर डॉ. मनीषा अग्रवाल ने टीकाकरण कराया। सीएचसी खैराबाद में नवल किशोर पहले व दूसरे नंबर पर प्रतिमा ने टीका लगवाया।
यह अपनाई गई प्रक्रिया
टीकाकरण केंद्र पर पहुंचने पर सबसे पहले कोरोना योद्धा के पहचान पत्र से सत्यापन किया गया। इसके बाद लाभार्थियों को प्रतीक्षा कक्ष में बैठाया गया। वहां पर पोर्टल पर अपलोड डाटा से कोरोना योद्धा के नाम और पहचान पत्र का मिलान किया गया। इसके बाद एक-एक कर कोरोना योद्धा को टीकाकरण कक्ष में बुलाकर टीका लगाया गया। टीका लगाने के बाद ऑब्जर्वेशन रूम में लाभार्थियों को करीब आधे घंटे तक बैठाया गया। जहां पर टीके के प्रभाव पर नजर रखी गई। इसके लिए एक स्पेशलिस्ट टीम तैनात थी। जिसमें डाक्टर और पैरामेडिकल स्टॉफ शामिल रहे। वैक्सीनेशन के 30 मिनट बाद ही घर भेजा गया।
दो बार दी जाएगी डोज
सीएमओ डॉ. मधु गैरोला ने बताया कि पहले चरण में जिले को सीरम इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया की कोविडशील्ड 19810 डोज वैक्सीन मिली है। जिनको कोविडशील्ड वैक्सीन लगाई गई है। 28 दिन बाद कोविडशील्ड वैक्सीन लगाई जाएगी। इसलिए वैक्सीन को सुरक्षित रखा जाएगा। 28 दिन बाद फिर से इससे इनको दूसरी डोज दी जाएगी। पहले चरण व दूसरे चरण में एक ही कंपनी की डोज मरीज को दी जाएगी।