सीतापुर। कोरोना के नए वेरिएंट की दहशत से जिले में अलर्ट जारी कर दिया गया है। सरकार ने जिला अस्पताल में रात दस बजे तक टीकाकरण केंद्र खोलने का आदेश दिया। जिसका पालन जिले में नहीं हो रहा है। ‘अमर उजाला’ की टीम शुक्रवार रात साढ़े नौ बजे जिला अस्पताल पहुंची। यहां सन्नाटा पसरा मिला।
स्वास्थ्य कर्मी गायब दिखे, टीका लगवाने आए लोग मायूस लौटते दिखे। आनंद नगर निवासी इब्राहिम ने बताया, वैक्सीनेशन के लिए 09:15 पर आ गए थे। तब भी यहां कोई कर्मचारी नहीं था। महिला अस्पताल के गेट पर गार्ड से पूछा तो बताया कि ‘मैडम चली गई हैं, अब कल आना’। लौटते लोगों ने बताया कि रोजाना केंद्र निर्धारित समय से पहले ही बंद हो जाता है। जिससे लोगों को महिला अस्पताल से मायूस लौटना पड़ता है।