सीतापुर। को लोकेटेड आंगनबाड़ी केंद्रों पर एजुकेटर की नियुक्ति प्रक्रिया लटक गई है। लगातार बदलते निर्देश के चलते अडंगा लगा है। चयनित अभ्यर्थियों की अब लिखित परीक्षा कराने जाने का निर्णय लिया गया है। इससे पहले अभ्यर्थियों की सूची सेवायोजन पोर्टल पर अपलोड कर दी गई है। इससे अभ्यर्थियों में रोष व्याप्त है।
जिले में 200 एजुकेटर का चयन होना है। पहले चरण में 70 पदों पर प्रक्रिया अपनाई गई। इस पर सेवायोजन पोर्टल के माध्यम से 6845 आवेदन प्राप्त हुए थे। जिला प्रशासन की तरफ से रैंडम आधार पर 600 अभ्यर्थियों का साक्षात्कार कराने के लिए सेवा प्रदाता कंपनी एसकेटी सिक्याेरिटी ग्रुप प्राइवेट लिमिटेड को सूची सौंपी गई थी। बीएसए ने 15 दिन के अंदर इसे पूरा करने के निर्देश दिए थे। कंपनी ने इस प्रक्रिया का पूरा करते हुए अभ्यर्थियों का चयन कर लिया था। अब दूसरा आदेश जारी कर दिया गया है। इसमें कहा गया है कि अब अभ्यर्थियों का चयन लिखित परीक्षा के आधार पर होगा। इससे प्रक्रिया लटक गई है। अभ्यर्थियों का कहना है कि अगर लिखित परीक्षा करानी थी तो पहले जानकारी दे देते। बार बार दौड़ लगाने से काफी अधिक खर्च आया है।
निगेटिव होगी मार्किंग
इस परीक्षा में 600 अभ्यर्थियों को शामिल किया जाएगा। राजकीय इंटर कॉलेज सीतापुर में 29 मई को परीक्षा होगी। दो घंटे की परीक्षा होगी। इसमें 100 प्रश्न पूछे जाएंगे। प्रत्येक प्रश्न एक नंबर का होगा। गलत उत्तर देने पर निगेटिव मार्किंग की जाएगी। क्वालीफाई करने के लिए 50 फीसद अंक लाना आवश्यक रहेगा। अभ्यर्थियों को सूचना सेवा प्रदाता के माध्यम से की जाएगी। वहीं, परीक्षा के प्रश्नपत्र व उत्तरपुस्तिकाओं का मूल्यांकन जिला प्रशासन खुद ही कराएगा।
लिखित होगी परीक्षा
लिखित परीक्षा के आधार पर चयन किया जाएगा। इसको लेकर सेवा प्रदाता कंपनी को पत्र लिखा गया है। अभ्यर्थियों को सूचना कंपनी की तरफ से दी जाएगी।
अखिलेश प्रताप सिंह, बीएसए