सीतापुर। सहकारी गन्ना विकास समिति, रामगढ़ परिसर में गन्ना किसानों के लिए चल रहे सट्टा मेले के दूसरे दिन मंगलवार को 53 शिकायतें आईं। इनमें से 30 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया।
किसान मेले में 10 अलग-अलग काउंटर लगाकर किसानों की समस्याएं सुनी जा रही हैं। अधिकांश किसानों ने गन्ने के रकबे के गलत सर्वे की शिकायत की है। वहीं, वैज्ञानिक आरडी तिवारी ने किसानों से संवाद किया। बताया कि किसानों को खाद व उर्वरकों का संतुलित प्रयोग करना चाहिए। बोआई करते समय 45 किलो यूरिया,70 किलो डीएपी,40 किलो पोटाश 10 किलो जिंक का प्रति एकड़ में प्रयोग करें।
वहीं, सट्टा मेला में शिकायत लेकर आए उमरापुर गांव निवासी किसान हरीशचंद्र ने बताया कि उनका किसान कोड जवाहरपुर चीनी मिल में अंकित है। इन्होंने गन्ने का रकबा जवाहरपुर चीनी मिल में ट्रांसफर करने की मांग की है। किसान समीर और अनुज व सोनेलाल ने गन्ना सर्वे छूटने की शिकायत की। इस पर ज्येष्ठ गन्ना निरीक्षक सच्चिदानंद ने बताया कि सभी गन्ना किसानों की शिकायतों का निस्तारण कराया जा रहा है। साथ ही भारतपुर गांव की किसान सुशीला देवी व परसपुर के रामनरेश ने गन्ना सर्वे में जमीन फीड न होने की शिकायत दर्ज कराई।
ज्येष्ठ गन्ना निरीक्षक सच्चिदानंद ने बताया कि जमीन फीड न होने संबंधी समस्याओं का त्वरित समाधान किया जा रहा है। इसके अलावा मछरेहटा सर्किल में 5 शिकायतें आईं। इनमें एक का निस्तारण हुआ। बीहट की सात शिकायतों में 6 का निस्तारण हुआ। मिश्रिख की दस शिकायतों में नौ का निस्तारण हुआ। अमटामाऊ गांव की चार शिकायतों में सभी का निस्तारण किया गया। औरंगाबाद सर्किल में पांच शिकायतों का निस्तारण नहीं हुआ। असुवामऊ में पांच में से दो शिकायतों का निस्तारण हुआ।