सीतापुर। जिलाधिकारी डॉ. राजागणपति आर की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में जिला स्वास्थ्य समिति (शासी निकाय) की बैठक हुई। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि सभी मातृ सुरक्षा केंद्रों का प्रभावी संचालन सुनिश्चित किया जाए। इस केंद्र के संचालन में लापरवाही पर बेहटा में तैनात मातृ सुरक्षा केंद्र प्रभारी को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।
डीएम ने आयुष्मान भारत योजना के अन्तर्गत संचालित विशेष अभियान के दौरान शून्य कार्ड जारी कराने वाले सीएचओ के विरूद्ध कार्रवाई करने के निर्देश दिए। डेथ ऑडिट रिपोर्ट के अनुसार लापरवाही पाए जाने पर सीएचसी एलिया में तैनात एएनएम शहनाज का 15 दिन का वेतन काटने के निर्देश दिए।
बैठक में अनुपस्थित एमओआईसी मिश्रिख का एक दिन वेतन काटने के निर्देश दिए। मातृ सुरक्षा केंद्र से किए गए कॉल से संबंधित डाटा फीडिंग का कार्य संबंधित एप पर पूर्ण न पाए जाने पर जिला महिला चिकित्सालय के हाॅस्पिटल मैनेजर व सीएमएस को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि मातृ सुरक्षा केंद्र के माध्यम से प्रसव की निर्धारित तिथि से पूर्व गर्भवती महिला से अवश्य संपर्क कर उसे जरूरी सावधानियों व उपलब्ध सुविधाओं के विषय में जागरूक किया जाए। बैठक के दौरान सीडीओ डाॅ. दीक्षा जोशी, सीएमओ डाॅ. सुरेश कुमार, जिला स्वास्थ्य समिति के सदस्य एवं संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।