पिसावां/सीतापुर। संगतिन मजदूर किसान संगठन के बैनर तले मनरेगा मजदूरों ने बकाया मजदूरी सहित विभिन्न मांगों को लेकर ब्लॉक कार्यालय का घेराव किया। लोगों ने प्रदर्शन किया। पांच घंटे बाद भी खंड विकास अधिकारी के न पहुंचने पर मजदूर भड़क गये। उन्होंने नारेबाजी शुरू कर दी। इसके बाद मौके पर पहुंचे खंड विकास अधिकारी ने आश्वासन देते हुए मजदूरों को शांत कराया।
संगतिन मजदूर किसान संगठन के बैनर तले तमाम मनरेगा मजदूरों ने ब्लॉक कार्यालय पर नारेबाजी करते हुए करीब पांच घंटों तक प्रदर्शन किया। इस दौरान मजदूरों ने हम नहीं किसी से भीख मांगते, हम अपना अधिकार मांगते... जैसे नारे लगाते रहे। संगठन की ब्लॉक प्रमुख रामबेटी ने बताया कि मनरेगा के तहत ऑनलाइन हाजिरी फीड न होने से सैकड़ों मजदूरों का लाखों का भुगतान फंसा हुआ है।
मनरेगा में संयुक्त परिवार के आधार पर एक ही जाबकार्ड पर सभी को कार्य करना पड़ रहा है। सभी के जॉब कार्ड अलग अलग जारी किये जाए। डिमांड के मुताबिक मजदूरों को कार्य दिया जाए। मनरेगा एक्ट के अनुसार कार्यस्थल पर मिलने वाली सारी सुविधाएं उपलब्ध की जाएं। अगर हमारी मांगों को पूरा नहीं किया गया तो अनिश्चितकालीन प्रदर्शन किया जाएगा।
इसकी जिम्मेदारी खंड विकास अधिकारी की होगी। पांच घंटे प्रदर्शन चलने के बाद मौके पर पहुंचे खंड विकास अधिकारी प्रतीक यादव ने ज्ञापन लेकर आश्वासन देते हुए मजदूरों को शांत कराया। खंड विकास अधिकारी प्रतीक यादव ने बताया कि ज्ञापन में की गई सभी मांगों को निस्तारित कर दिया गया है।