सरकारी अस्पतालों के मुआयने में बुधवार को राज्य स्तरीय टीम को तमाम खामियां मिलीं। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मिश्रिख में कूड़े के ढेर मिले। साथ ही अन्य खामियां भी नजर आईं।
इस पर नाराजगी जताते हुए टीम के सदस्यों ने खामियों को दुरुस्त करने के निर्देश दिए हैं। राज्य स्तरीय टीमों ने जिला महिला व पुरुष अस्पताल, मिश्रिख स्वास्थ्य केंद्र समेत कई सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों का भी निरीक्षण किया। खामियां मिलने पर टीमों ने संबंधित जिम्मेदार अधिकारियों को निर्देशित किया।
राज्य स्तरीय टीम ने बुधवार को सीएमओ डॉ. हरगोविंद सिंह, डिप्टी सीएमओ के साथ जिला महिला अस्पताल का निरीक्षण किया। यहां पर साफ सफाई में सुधार न देख टीम के सदस्यों ने नाराजगी जताई।
वार्डों में गंदी चादर देख उन्हें बदलने के निर्देश दिए। कई मरीजों को अव्यवस्था के बीच भर्ती देख नाराजगी जताई। टीम ने ऑपरेशन थिएटर, इमरजेंसी, इमरजेंसी वार्ड, जरनल वार्ड को देखा और मरीजों से बात की।
यहां पर हर तरफ बदहाली देख टीम के सदस्य नाराज दिखे। इसके बाद टीम जिला पुरुष अस्पताल पहुंची। इसके बाद मिश्रिख सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंची। यहां पर अस्पताल परिसर में कूड़े का ढेर लगा देख नाराजगी जताई।
सीएमओ ने इस संबंध में एडीएम से बात की। एडीएम ने जिला पंचायत चुनाव प्रक्रिया संपन्न होने के बाद कूड़े को हटवाने का आश्वासन दिया। वहीं स्वास्थ्य टीम को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में एक्सरे मशीन खराब मिली।
गंदगी को देख फटकार लगाते हुए साफ सफाई के निर्देश दिए। चिकित्सकों व स्वास्थ्य कर्मियों को व्यवस्थाएं दुरुस्त करने को कहा। पिसावां, हरगांव व सांडा स्वास्थ्य केंद्रों में गंदगी मिलने पर टीम ने नाराजगी जताई।