पिसावां (सीतापुर)। थाना क्षेत्र में डेयरी बनवा रहे ठेकेदार को गोली मारने के दौरान मौके से पकड़े गए दस लोगों को पुलिस ने शांतिभंग की आशंका में चालान कर दिया है। वहीं, गोली मारने की घटना में शामिल नामजद तीन आरोपियों की तलाश में पुलिस जुटी हुई है।
पिसावां-हरदोई मार्ग पर चौखड़िया गांव के पास डेयरी का निर्माण कार्य चल रहा है। निर्माण कार्य बुलंदशहर जिले के थाना खुर्जा इलाके के शाहाबाजपुर निवासी संदीप (30) करा रहे थे। बुधवार देर शाम चौपहिया वाहनों से पहुंचे लोगों ने विवाद में गोली मार दी थी। इससे संदीप गंभीर रूप से घायल हो गया था। उसे ट्रॉमा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया गया था। लोगों ने आरोपियों की कार में तोड़फोड़ कर उसे क्षतिग्रस्त कर दिया था।
मामले में तहरीर के आधार पर बुलंदशहर जिले के खुर्जा इलाके के हरिराज, टीटू व राजेश के खिलाफ हत्या के प्रयास और मारपीट की धाराओं में केस दर्ज किया था। पैसों के लेनदेन में घटना हुई थी। एसओ पिसावां भानु प्रताप सिंह ने बताया कि घटना के दौरान मौके से दो कार और दस लोगों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया था।
एसओ ने बताया कि बुलंदशहर जिले के औरंगाबाद निवासी धीरेंद्र, अमरोहा जिले के थाना शाहदन निवासी जसविंदर, बुलंदशहर के सिकंदराबाद निवासी धर्मेंद्र, मुरादाबाद जिले के मनवीर, मुरादाबाद के बिलारी निवासी रवी, मुुरादाबाद जिले के बिलारी निवासी प्रवेश कुमार, अमरोहा जिले के सहादतनगली निवासी चंद्रभाल, अमरोहा जिले के नौगावां निवासी निशांत, मुरादाबाद के छजलैट निवासी रोहित, संभल के थाना रजपुरा निवासी सोमवीर का शांतिभंग की आशंका में चालान किया गया है। एसडीएम न्यायालय में सभी को पेश किया गया है। गोली मारने की घटना में शामिल आरोपियों की तलाश की जा रही है।