सीतापुर। हापुड़ में वकीलों पर हुए लाठीचार्ज के मामले में बार एसोसिएशन, सीतापुर दो खेमों में बंटा नजर आ रहा है। अध्यक्ष ने अपना निर्णय बदले जाने पर बुधवार को बार काउंसिल को पत्र भेजकर कार्यकारिणी भंग करने की सिफारिश कर दी। वहीं, वकीलों ने अध्यक्ष के इस कार्य को लेकर निंदा प्रस्ताव पारित किया। हड़ताल 29 सितंबर तक बढ़ा दी गई है।
दरअसल, सोमवार को बार एसोसिएशन के अध्यक्ष चंद्रभाल गुप्ता ने हड़ताल वापस लेने की घोषणा की थी। इससे वकीलों में आक्रोश था। यह निर्णय सदस्यों की सहमति के बगैर लिए जाने की बात कहकर वकीलों ने मंगलवार को अध्यक्ष का फैसला बदलते हुए हड़ताल जारी रखनेे का प्रस्ताव पारित किया।
इस बीच बुधवार को अध्यक्ष ने बार काउंसिल को सीतापुर की कार्यकारिणी भंग करने के लिए पत्र लिखा। जिसमें कार्यकाल समाप्त होने का हवाला दिया गया है। इससे वकीलों में नाराजगी देखी गई।
बुधवार की बैठक में वकीलों ने अध्यक्ष के खिलाफ निंदा प्रस्ताव पारित किया। साथ ही हड़ताल 29 सितंबर तक बढ़ाने का निर्णय भी लिया गया। बैठक में वरिष्ठ उपाध्यक्ष राम मोहन पांडेय, पूर्व अध्यक्ष हरीश त्रिपाठी, विनोद सिंह, गिरीश मिश्र, मुकुल मिश्र, शैलेंद्र यादव, अरविंद मोहन मिश्र, अभय सिंह, नीरज पांडेय, राम नरेश मिश्र, राहुल पांडेय, संजय सिंह, दीपक पांडेय, मिथिलेश वर्मा, राजेन्द्र भट्ट, रोहित मेहरोत्रा, दीपक तिवारी, सपना त्रिपाठी, आदित्य वर्मा आदि मौजूद थे।