सीतापुर। शहर कोतवाली इलाके में रविवार की देर रात हाईवे पर अचानक जलती कार में आग लग गई। आग की लपटें उठती देखकर कार स्वामी ने सूझबूझ का परिचय देते हुए कार से कूदकर जान बचाई। सूचना पाकर पुलिस और दमकल की टीम ने मौके पर पहुंचकर कड़ी मशक्कत कर आग पर काबू पाया है। आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट बताई जा रही है। घटना में लाखों का नुकसान होना बताया जा रहा है।
शहर कोतवाली इलाके के मोहल्ला लोहारबाग निवासी अशोक रविवार की रात खैराबाद की ओर से शहर स्थित अपने घर आ रहे थे, इस बीच कोतवाली इलाके में ही हाईवे पर अचानक कार धू-धू कर जलने लगी। घटना को देखकर वाहन स्वामी ने कार से कूदकर अपनी जान बचाई। मामले की सूचना पुलिस को दी गई।
सूचना पाकर शहर कोतवाली पुलिस, यूपी 112 की पुलिस मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाने का प्रयास किया, लेकिन आग काफी तेज होने की वजह से कामयाबी नहीं मिल सकी, फिर दमकल की टीम मौके पर पहुंची। इसके बाद आग पर काबू पाया जा सका। शहर कोतवाल टीपी सिंह ने बताया कि हादसा शॉर्ट सर्किट की वजह से हुआ है। घटना में कोई जनहानि नहीं हुई है। कार स्वामी पूरी तरह से सुरक्षित है।