महोली (सीतापुर)। महोली में जंगली जानवरों की दहशत कम होने का नाम नहीं ले रही है। नरनी गांव में बाघ, बाघिन व शावक पकड़े जाने के बाद अब शनिवार देर शाम चंद्रा-मुसब्बरपुर मार्ग पर तेंदुआ दिखने से हड़कंप मच गया। वन विभाग की टीम ने कॉम्बिंग कर पिंजरा लगाया है।
नौगवां निवासी लज्जाराम ने बताया कि वह कार से प्रियांशु और हिमांशु के साथ चंद्रा गांव से मुसब्बरपुर की तरफ जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में सरकारी नलकूप के पास तेंदुआ दिखा। तेंदुए का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद वन विभाग की टीम ने वहां पहुंचकर कॉम्बिंग की। इसके बाद रामनगर गांव के पास लगा पिंजरा मुसब्बरपुर गांव के निकट झाड़ियों में लगा दिया। रेंजर कल्पेश्वर नाथ ने बताया कि एक वीडियो वायरल हुआ था, इसके बाद टीम को मौके पर भेजा गया। जहां तेंदुए के पगचिह्न मिले हैं। वहां पिंजरा लगाकर ग्रामीणों को सतर्क किया गया है।
नरनी में अभी भी दहशत
करीब 50 दिन से नरनी के पास कमांड सेंटर बनाकर वन विभाग की टीम डेरा जमाए हैं। 22 अगस्त को नरनी निवासी सौरभ को बाघ द्वारा निवाला बनाए जाने के बाद सर्च ऑपरेशन में लगी टीम ने बाघ-बाघिन व उसके शावक को पकड़ा था। क्षेत्रवासी अभी भी बाघ के शावक के इलाके में मौजूद होने का दावा कर रहे हैं।