तंबौर (सीतापुर)। इलाके में नियमों को दरकिनार कर संचालित हो रहे ईंट-भट्ठों पर तहसील प्रशासन ने कार्रवाई की। इस दौरान सड़क किनारे ईंट भट्ठों के अतिक्रमण को भी बुलडोजर से हटाने का काम किया गया। इसके साथ ही कच्ची ईंटों को तोड़ कर परिसर में पानी भरने का काम प्रशासन ने किया।
शनिवार को जिला प्रशासन के निर्देश पर क्षेत्र के ग्राम ड्योढे़ डीह स्थित तीन ईंट-भट्ठों, अमन ब्रिक फील्ड, भारत ब्रिक फील्ड व इंडिया ब्रिक फील्ड पर लहरपुर एसडीएम पहुंचे। भट्ठा संचालकों से प्रपत्र मांगे, जिनमें प्रदूषण बोर्ड का अनापत्ति प्रमाण पत्र नहीं मिला। जिसके चलते एसडीएम के निर्देश पर तीनों ईंट भट्ठों पर बुलडोजर से कच्ची ईंटों को नष्ट करते हुए टैंकर में भरे पानी को भट्ठों में भर दिया गया। नियम विरुद्ध भट्ठा न संचालित करने की हिदायत भी दी गई। एसडीएम लहरपुर पीएल मौर्य ने बताया कि यह ईंट-भट्ठा बगैर एनओसी चल रहे थे। इसके अलावा साईं ब्रिक फील्ड के कागज दिखाने पर कार्रवाई नहीं की गई। रायमडोर स्थित लोहा ब्रिक फील्ड बंद मिला। इस मौके पर एडीएम लहरपुर, नायब तहसीलदार, इंस्पेक्टर सुरेश कुमार पटेल मौजूद रहे।
कस्बे में हटाया गया अतिक्रमण
नगर पंचायत के ईओ आशुतोष त्रिपाठी, एसओ सुरेश पटेल के साथ भारी पुलिस बल के साथ बुलडोजर कस्बे में गरजा। कस्बे के गांजर चौराहे से रेउसा मोड़ तक सड़क के किनारे दुकानों के आगे पड़ी अवैध टीनों को जेसीबी लगाकर गिरा दिया गया। साथ ही दोबारा अतिक्रमण न करने की हिदायत भी दी गई। अतिक्रमण हटवाने के समय कुछ दुकानदारों ने इसका विरोध भी किया, लेकिन प्रशासनिक अमले ने किसी की नहीं सुनी। ईओ आशुतोष त्रिपाठी ने बताया कि, पूरे कस्बे में मुनादी कराने के बाद सख्ती से अतिक्रमण हटवाया जायेगा।