पिछले एक महीने से नेटवर्क फेल रहने से नगर पंचायत पैंतेपुर के बीएसएनएल मोबाइल उपभोक्ता हलकान हैं। नतीजतन, उपभोक्ताओं के सेलफोन शो पीस बनकर रह गए हैं।
आदर्श नगर पंचायत पैतेपुर सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में बीएसएनएल के काफी संख्या में सिमकार्ड धारक हैं। एक माह से उपभोक्ता नेटवर्क की समस्या से परेशान हैं।
उपभोक्ताओं के मोबाइल से नेटवर्क गायब रहता है। सदैव इमरजेंसी लिखा रहता है। महेंद्र शुक्ल ने कहा कि एक माह से नेटवर्क गड़बड़ चल रहा है।कौशल किशोर मिश्र ने कहा कि उनके पास केवल एक सिम है और घर पर अकेले रहते हैं।
उनके परिजन लखनऊ में रहते हैं। उनसे वार्ता करने का प्रयास असफल रहता है। सभासद संघ अध्यक्ष प्रेमकर्ण पांडेय का कहना है कि नेटवर्क न मिलने से काफी परेशानी हो रही है।
विभागीय अधिकारी उपभोक्ताओं को तत्काल इस समस्या से निजात दिलाएं। सभासद जनक दुलारी, बेचे लाल मिश्र, शकीलुर्रहमान, डॉ. रामकुमार मिश्र, डॉ. जयकीरत वर्मा आदि ने भी विभागीय अधिकारियों को पत्र भेजकर समस्या का समाधान कराने की मांग की है।