सीतापुर में शादी के दो महीने बाद ही बहू की लाश फंदे से लटकती मिली। खबर पाकर पहुंचे पिता ने कहा कि अभी तो बेटी के हाथों की मेंहदी भी नहीं छूटी थी। कार की खातिर ससुरालियों ने उसे मार डाला। यह कहते हुए वह बिलख उठे।
यूपी के सीतापुर में सोमवार देर रात एक नवविवाहिता का शव फंदे से लटकता मिला। घरवालों ने देखा तो उनके होश उड़ गए। खबर पाकर पहुंचे मायकेवालों ने ससुरालीजन पर हत्या करने का आरोप लगाया है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करके साक्ष्य संकलित किए। आगे की कार्रवाई की जा रही है।
विज्ञापन
घटना महोली कोतवाली क्षेत्र के नौगवा गांव की है। गांव निवासी श्रवण कुमार के बेटे नीलेश श्रवण कुमार की शादी 21 फरवरी 2025 लखीमपुर जिले के मितौली थाना क्षेत्र के मगही गांव निवासी सालिकराम की बेटी आरती (26) के साथ हुई थी। सोमवार देर रात आरती का शव फंदे से लटकता मिला। सूचना पर पहुंचे मायकेवालों ने बेटी की हत्या किए जाने की बात कही।
पिता का आरोप- बेटी की हत्या कर शव को फंदे से लटका दिया
मौके पर पहुंचे पिता सालिकराम ने बताया कि बेटी की शादी में हमने मुंह मांगा दहेज दिया था। इसके बाद भी ससुरालीजन संतुष्ट नहीं थे। वह कार की मांग कर रहे थे। हम बाइक दे पाए थे। इस वजह से वह लोग बेटी को प्रताड़ित करने लगे। अब ससुरालीजनों ने बेटी की हत्या कर दी। इसके बाद शव को फंदे से लटका दिया।
सालिकराम ने बताया कि नौगवा गांव के एक व्यक्ति ने फोन करके उन्हें घटना का सूचना दी। इसके बाद हम लोग पहुंचे। उन्होंने थाने पहुंचकर ससुर श्रवण कुमार, पति नीलेश वर्मा, एवं सास के विरुद्ध तहरीर दी है। तहरीर के आधार पर केस दर्ज किया गया है।
पुलिस ने तहरीर के आधार पर केस दर्ज किया
सूचना पर एएसपी डॉक्टर प्रवीन रंजन, सीओ विशाल गुप्ता एवं नायब तहसीलदार शिव प्रकाश यादव ने मौके पर पहुंचकर जांच की। इंस्पेक्टर दिलीप कुमार चौबे ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पिता की तहरीर पर मुकदमा पंजीकृत करके आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।