इमलिया सुल्तानपुर। रविवार से लापता नकरहिया निवासी सुशील (35) का शव मंगलवार को नकरहिया-ऐलिया मार्ग के किनारे पानी भरे गड्ढे में उतराता मिला। पुलिस घटना के कारणों का पता लगाने में जुटी है। परिजनों के अनुसार सुशील रविवार को घर से किसी काम के सिलसिले में निकले थे। दोपहर तक वापस न आने पर परिजनों ने उनकी तलाश शुरू कर दी। काफी तलाश के बाद परिजनों ने इमलिया सुल्तानपुर थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई थी।
मंगलवार सुबह नकरहिया-ऐलिया मार्ग के किनारे पानी के गहरे गड्ढे में सुशील का शव उतराता मिलने पर लोगों ने इसकी जानकारी पुलिस को दी। पुलिस से सूचना मिलने के बाद परिजन भी मौके पर पहुंचे और उन्होंने शव की पहचान की। सीओ महोली नागेंद्र ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत का कारण साफ होने के बाद आगे की कार्रवाई तय होगी।